धोनी IPL में 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय और 4000 रन पूरे करने वाले पहले कप्तान बने

धोनी IPL में 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय और 4000 रन पूरे करने वाले पहले कप्तान बने
हाईलाइट
  • धोनी IPL में 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने
  • धोनी IPL में कप्तान के तौर पर 4000 रन बनाने वाले पहले कप्तान भी बने

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चैन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। धोनी IPL में 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) के खिलाफ खेले गए मैच में हासिल की है। इस टूर्नामेंट में अब धोनी के 184 मैचों में 203 छक्के हो गए हैं। इसके अलावा धोनी टूर्नामेंट में कप्तान के तौर पर 4000 रन बनाने वाले पहले कप्तान भी बन गए हैं। धोनी ने IPL में अब तक 168 मैचों में कप्तनी की है और 4040 रन बनाए हैं।

IPL में  सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज की लिस्ट में भी धोनी तीसरे नंबर पर है। इस लिस्ट में किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल टॉप पर हैं। गेल ने अब तक 121 मैचों में सबसे ज्यादा 323 छक्के जड़े हैं। वहीं बेंगलोर के धाकड़ बल्लेबाज एबी डिविलियर्स इस लिस्ट में 150 मैचों में 204 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। 

IPL करियर में धोनी ने अब तक 184 मैचों में 292 चौके और 203 छक्कों के साथ 4330 रन बनाए हैं। जिसमें 23 अर्धशतक भी शामिल है। धोनी IPL में अब तक 168 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं। जिसमें से 101 मैच जीते हैं और 65 मैचों में  उन्हें हार मिली है। एक मैच का कोई रिजल्ट नहीं निकला था। धोनी इस IPL में 100 मैच जीतने वाले पहले कप्तान भी हैं। चेन्नई के लिए अब तक धोनी ने 154 मैचों में कप्तानी की है और 96 मैच जीते हैं। धोनी 14 मैचों में पुणे सुपरजाएंट्स की कप्तानी भी कर चुके हैं।

बेंगलोर ने यह मैच चेन्नई को 1 रन से हराया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलोर ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। जवाब में चेन्नई 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना पाई और मैच हार गई। चेन्नई के लिए धोनी ने शानदार अर्धशकीय पारी खेली। उन्होंने 48 गेंदों में 5 चौके और 7 छक्कों के साथ नाबाद 84 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। अब चेन्नई का अगला मैच 23 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। 

Created On :   22 April 2019 6:23 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story