ट्रंप का एशियाई दौरा युद्ध भड़काने वाला : नॉर्थ कोरिया

North Korea Criticized US President Donald Trumps Asia tour
ट्रंप का एशियाई दौरा युद्ध भड़काने वाला : नॉर्थ कोरिया
ट्रंप का एशियाई दौरा युद्ध भड़काने वाला : नॉर्थ कोरिया

डिजिटल डेस्क, प्योंगयांग। नॉर्थ कोरिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप के एशियाई दौरे को युद्ध भड़काने वाली यात्रा करार दिया है। ट्रंप के इस दौर पर पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए नॉर्थ कोरिया ने कहा है कि ट्रंप की यात्रा कोरियाई प्रायद्वीप में युद्ध की आग भड़काने के लिए है। नॉर्थ कोरिया ने यह भी कहा है कि ट्रंप के इस दौरे से कुछ नया नहीं होने वाला है बल्कि इससे प्योंगयांग को एक पूर्ण परमाणु शक्ति सम्पन्न राष्ट्र बनने की ओर बढ़ने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि ट्रंप अपनी यात्रा में अब तक जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और वियतनाम जा चुके हैं। फिलहाल वे हनोई में हैं। वियतनाम में शुक्रवार को ट्रंप ने कहा था कि एशिया पैसिफिक क्षेत्र के देशों को एक तानाशाह की सिरफिरी कल्पनाओं का बंधक नहीं बनना चाहिए। इससे पहले ट्रंप ने अपनी एशिया यात्रा के दौरान बुधवार को उत्तर कोरिया को धमकाते हुए अमेरिका को कमतर आंकने की भूल नहीं करने को कहा था। 

ट्रंप के इन बयानों के बाद नॉर्थ कोरिया के विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया कि ट्रंप की चेतावनी से हम डरने वाले नहीं है और न ही यह चेतावनी हमें आगे बढ़ने से रोक सकती है। ट्रंप की यह धमकी हमें पूरी तरह परमाणु सम्पन्न राष्ट्र बनने के लिए प्रेरित करेगी। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने इस दावे को भी खारिज कर दिया कि ट्रंप बिजनेस के लिए एशिया का दौरा कर रहे हैं।

गौरतलब है कि नॉर्थ कोरिया के लगातार परमाणु बम और मिसाइलों के परीक्षण से कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव फैला हुआ है। जापान और दक्षिण कोरिया इन परीक्षणों से चिंतित है। पिछले कुछ महीनों से अमेरिका भी लगातार नॉर्थ कोरिया को मिसाइल टेस्ट रोकने की धमकी देता रहा है। इसके चलते अमेरिका और नॉर्थ कोरिया के बीच जुबानी जंग भी चल रही है। दोनों देश एक-दूसरे को युद्ध की धमकियां दे चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र ने नॉर्थ कोरिया की तनाव फैलाने वाली इन गतिविधियों के चलते उस पर आर्थिक प्रतिबंध भी लगा रखे हैं।

Created On :   11 Nov 2017 10:37 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story