सर्दी का थर्ड डिग्री टॉर्चर, टूटा 120 साल पुराना रिकॉर्ड, दिल्ली में 2.4 डिग्री पहुंचा पारा

सर्दी का थर्ड डिग्री टॉर्चर, टूटा 120 साल पुराना रिकॉर्ड, दिल्ली में 2.4 डिग्री पहुंचा पारा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सर्द मौसम में शीत लहर ने पूरे उत्तर भारत में कब्जा कर लिया है। राजधानी दिल्ली ने सर्दी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मौसम विभाग के अनुसार सफदरगंज इलाके में आज (शनिवार) सुबह पारा 2.4 डिग्री तक पहुंच गया। यह दिल्ली में 120 साल बाद सबसे ठंडा दिसंबर है। इससे पहले इतनी भयानक ठंड दिसंबर 1901 में पड़ी थी। मौसम विभाग के मुताबिक भूमध्य सागर में उत्पन्न होने वाली असमान्य व शक्तिशाली वेस्टर्न डिस्टर्बन्स ने समूचे उत्तर भारत को ठिठुरने को मजबूर किया है। यह स्थिति चार से पांच दशकों में एक बार पैदा होती है, जो लोगों को नए साल की पूर्व संध्या पर भी कंपकंपाएगी। आईएमडी के अनुसार, यह लंबी अवधि है, जिसकी प्रकृति अनोखी है और यह पूरे उत्तरपश्चिम भारत पर असर डालेगी।

 

 

 

 

कश्मीर की मौसम की सबसे सर्द रात
कश्मीर में शुक्रवार सुबह मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, जिससे लोगों को हाड़ जमा देने वाली सर्दी महसूस हुई। श्रीनगर में बीती रात तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो कि सीजन की सबसे ठंड रात रही है। गुलमर्ग में तापमान जहां शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं पहलगाम में तापमान रात को शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कई स्थानों पर नलों में पानी जम गया है, और घरों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गया, जिसके कारण लोगों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा है। शीतलहर के कारण डल झील का कुछ हिस्सा जम गया है, जिससे पर्यटक तो इसका आनंद ले रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों को दिक्कत हो रही है। वहीं रह-रहकर बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की स्थिति और भी दयनीय हो गई है।

 

राजस्थान में शीतलहर जारी
राजस्थान में शीतलहर जारी है और मौसम विभाग ने इस स्थिति के शनिवार तक बने रहने की चेतावनी दी है। शीतलहर से प्रभावित जिलों में चुरू, अलवर, दौसा, सीकर, झुंझुनू, भरतपुर, धौलपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर शामिल हैं। राज्य के उत्तरी भागों में अलग-अलग स्थानों (ठंड के दिन से लेकर गंभीर ठंड के दिन) में पिछले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 5-8 डिग्री कम दर्ज किया गया है। 14-15 दिसंबर के बाद से गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू और अलवर जिलों के दूरदराज के इलाकों में घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है, जो जारी है।

हिमाचल के केलांग में पारा शून्य से 15 डिग्री नीचे
हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क होने के बावजूद शुक्रवार को भी शीतलहर जारी है। इस दौरान लाहौल स्पीति के मुख्यालय केलांग में मौसम सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 15 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक बयान में कहा गया है कि किन्नौर जिले के कल्पा में तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि मनाली में तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे रहा, धर्मशाला में 3.4 डिग्री और डलहौजी में चार डिग्री रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो गुरुवार से एक डिग्री अधिक है।

हिसार में तापमान 0.3 डिग्री
हरियाणा के हिसार शहर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में पिछले 24 घंटों से शीतलहर जारी है, जिससे ठंड काफी बढ़ गई है। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान एक से छह डिग्री दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से कम है। हरियाणा के नारनौल और अंबाला में तापमान क्रमश: तीन और 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं पंजाब के लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, अमृतसर में पांच डिग्री और पटियाला में 6.9 डिग्री दर्ज किया गया।

लखनऊ में कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल
उत्तर प्रदेश राज्य की राजधानी लखनऊ में ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। यहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री और अधिकतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लखनऊ में इस साल कड़ाके की ठंड से स्थिति सबसे बदतर है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राज्य में बीते 24 घंटों में ठंड से 13 मौतें हो चुकी हैं।
 

Created On :   28 Dec 2019 2:40 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story