बांकीपुर उपचुनाव 2026: युवा चेहरा, संगठन में मजबूत पकड़....कौन हैं बांकीपुर उम्मीदवार अभिषेक कुमार, जिन पर BJP ने जताया है भरोसा

डिजिटल डेस्क, पटना। बीजेपी ने मंगलवार को बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। मंगलवार को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। अभिषेक लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं और अलग-अलग जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं।
अभिषेक कुमार वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वे पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष, मंडल मंत्री और मंडल महामंत्री जैसे सांगठनिक पदों पर भी काम कर चुके हैं। संगठन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी ने इस बार उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है।
यह भी पढ़े -मध्य प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 लागू, घरों में कचरा चार श्रेणियों में करना होगा अलग
कौन हैं अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार जिन्हें अभिषेक बंटी के नाम से भी जाना जाता है, कायस्थ समाज से आते हैं और करीब 25 वर्षों से बीजेपी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कृष्णा नगर और गौतम बुद्ध मंडल में भी संगठन की जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे पटना के बोरिंग रोड क्षेत्र के निवासी हैं।
CM सम्राट चौधरी ने दी बधाई
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी को उनके नेतृत्व और जनसेवा के संकल्प पर पूरा भरोसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन अभिषेक कुमार को मिलेगा और वे विकास, सुशासन तथा राष्ट्रहित के मुद्दों के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।
Created On :   8 July 2026 2:55 AM IST








