चंदा चोरी केस: सपा ने ट्र्स्ट के फैसले पर उठाए सवाल, इस्तीफा को बताया लीपापोती, VHP ने किया पलटवार, राजनीति खेलेगा तो दुष्परिणाम भुगतना पड़ेगा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उत्तरप्रदेश में अयोध्या राम मंदिर के चंदा चोरी केस में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों की मंजूरी के बाद सियासत गरमा गई है। विपक्षी दलों के नेता और विश्व हिंदू परिषद के बीच तीखे वार पलटवार किए जा रहे है।
यह भी पढ़े -राम मंदिर ट्रस्ट भंग कर नई व्यवस्था बनाई जाए, शंकराचार्यों और अयोध्या के प्रतिनिधियों को मिले जिम्मेदारी अजय राय
सपा नेता आशुतोष वर्मा ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में कल हुई श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक पर न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा क्या चंपत राय या अनिल मिश्रा का इस्तीफा लेने से चोरी या चोरी के आरोप खत्म हो जाते हैं? ये तो लीपापोती वाली बात हो गई। उन्होंने ये भी कहा अखिलेश यादव यदि इसका खुलासा नहीं करते तो ये चोरी ऐसे ही चलती रहती। उन्हें अभी तक ट्रस्ट को भंग करके गिरफ्तारी करनी चाहिए थी और यदि आप इसमें निष्पक्षता चाहते हैं, तो इस पूरे केस की निगरानी सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज की निगरानी में होनी चाहिए थी लेकिन बीजेपी ये चाहती ही नहीं है।
विश्व हिंदू परिषद(VHP) के प्रवक्ता सुरेंद्र जैन ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर विपक्ष पर पलटवार करते हुए एएनआई से कहा पूरे विश्व के राम भक्तों को इस घटना से बहुत कष्ट हुआ है, वे दुखी हैं लेकिन उनकी आस्था पर चोट नहीं पहुंची है। अगर ऐसा होता तो अयोध्या में आने वाले राम भक्तों की संख्या कम हो जाती, जो कम नहीं हुई है। ऐसी अग्निपरीक्षाएं पहले भी आई हैं लेकिन हर अग्निपरीक्षा में हम खरे उतरे हैं। इसके बाद उन्होंने आगे कहा आस्थाएं और मजबूत होंगी और जो निराधार आरोप लगाने वाले लोग हैं, वो आरोप लगाएं लेकिन उनके पास कोई आधार है क्या? ट्रस्ट ने भी कल कहा है कि यदि किसी के पास कोई आधार है तो वे जांच अधिकारी के पास जाएं और तथ्य सामने रखें। समाज की आस्था पर चोट पहुंचाने का प्रयास ना करें। यदि कोई ऐसी कोशिश करेगा, राजनीति खेलेगा तो उसका दुष्परिणाम उसे भुगतना पड़ेगा।
Created On :   7 July 2026 11:05 AM IST







