टैरिफ पर दी प्रतिक्रिया: अतिरिक्त टैरिफ हटाए जाने पर सीएम उमर अब्दुल्ला की आई प्रतिक्रिया, रूस से तेल नहीं खरीदेंगे तो फिर कहां से...

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। भारत और अमेरिका के बीच रुके व्यापार समझौते पर आखिरकार सहमति बन गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक भारतीय सामानों पर लगने वाले शुल्क को घटा दिया है। एक साल से भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर चर्चाएं चल रहीं थी। अतिरिक्त टैरिफ हटाए जाने पर जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला की प्रतिक्रिया आई है।
मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा, "यह टैरिफ अब तक हम पर काफी भारी पड़ रहा था और यह हम पर क्यों लगा था, यह हम अच्छी तरह से जानते हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति इस बात से खुश नहीं थे कि हम रूस से तेल खरीदने का काम कर रहे थे। हालांकि, अब तक भारत सरकार की तरफ से इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन, अमेरिका के राष्ट्रपति ने ऐलान कर दिया है कि भारत सरकार ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है और उसी वजह से अब हम पर टैरिफ लागू नहीं होंगे।"
व्यापारियों का धंधा फिर से चालू होगा- उमर
जम्मू सीएम ने कहा अगर हम रूस से तेल खरीदना बंद कर देंगे तो हम कहां से तेल खरीदेंगे और उसका परिणाम क्या होगा? अगर हम पर लगा शुल्क कम होता है तो यह हमारे लिए अच्छी बात है। टैरिफ की वजह से हमारे व्यापारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। कुछ निर्यातकर्ता व्यापार करना बंद करना करने जा रहे थे। लेकिन अब लगता है कि उनका धंधा फिर से चालू होगा।
उमर ने भारत पाक मैच पर क्या कहा?
भारत-पाकिस्तान मैच पर हो रही सियासत पर उमर ने कहा जब हम खेल को पॉलिटिक्स से जोड़ते हैं तो यही होता है। उन्होंने कहा जब इंडिया और पाकिस्तान का मैच होता है तो आप उसको युद्ध की तरह पेश करते हैं, न कि एक मैच की तरह। जब भारत किसी और देश से खेलता है तो कोई नोटिस नहीं करता है। लेकिन जब इंडिया और पाकिस्तान का होता है तो एक जंग की तरह देखते हैं।
उमर ने छात्रों और व्यापारियों को लेकर जताई चिंता
उमर ने भारत देश में कश्मीरी छात्रों और व्यापारियों पर हो रहे हमलों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा मैंने नॉर्दर्न चीफ मिनिस्ट से भी इस बारे में बात की है। चाहे कश्मीर छात्रों का हो या व्यापारियों का यह सिलसिला रुकना चाहिए। इस मामले में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने कार्रवाई की और मामला दर्ज कर गिरफ्तारियां भी की हैं।
Created On :   3 Feb 2026 9:05 PM IST












