लोकसभा चुनाव 2024: राहुल के बाद प्रियंका गांधी ने की चुनावी नतीजों की भविष्यवाणी, बताया किस मुद्दे पर होना चाहिए चुनाव?

राहुल के बाद प्रियंका गांधी ने की चुनावी नतीजों की भविष्यवाणी, बताया किस मुद्दे पर होना चाहिए चुनाव?
  • कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में रोड शो करने सहारनपुर पहुंची प्रियंका
  • पीएम मोदी पर जमकर साधा निशाना
  • एनडीए को 180 या उससे भी कम सीटें मिलने की कही बात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सात चरणों में होने वाले इस महामुकाबले का पहला चरण 19 अप्रैल को है। सभी दलों ने इस सियासी महासमर को जीतने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्ता पक्ष हो या फिर विपक्ष, दोनों के आला नेता देश के अलग-अलग स्थानों पर अपने या फिर सहयोगी दलों के प्रत्याशियों के प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी यूपी के सहारनपुर पहुंची। जहां उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में रोड शो किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए पीएम मोदी और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।

'महंगाई पर बात नहीं करते पीएम मोदी'

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा, ''लोकसभा चुनाव जनता का होना चाहिए। जनता के मुद्दे पर चुनाव होने चाहिए. पीएम मोदी और बीजेपी महंगाई की बात नहीं कर रहे। किसानों और महिलाओं की बात ही नहीं हो रही। सिर्फ ध्यान भटकाने की बात हो रही है।''

'संविधान बदलेंगे तो आरक्षण का क्या होगा'

पीएम मोदी के डरने वाले बयान को लेकर प्रियंका ने कहा, "उनके नेता हर जगह जाकर ये क्यों कह रहे हैं कि संविधान को बदलने वाले हैं? जब संविधान बदलेंगे तो आरक्षण का क्या होगा। सबके वोट के अधिकार का क्या होगा? इसका जवाब दें। ये कहना काफी नहीं है कि डरिए मत। हम तो वैसे भी नहीं डरते।" दरअसल, बीते दिनों न्यूज एजेंसी एएनआई को दिये इंटरव्यू में पीएम मोदी ने अपनी भविष्य की योजनाओं को लेकर कहा था, "मेरे पास बड़ी योजनाएं हैं जो किसी को डरने की ज़रूरत नहीं है। मेरे निर्णय किसी को डराने, दबाने के लिए नहीं हैं। वे देश के समग्र विकास के लिए हैं।"

'बीजेपी की आएंगी 180 से भी कम सीटें'

बीजेपी के 370 और 400 पार वाले नारे पर कांग्रेस नेता ने कहा, "या तो इन्होंने कुछ गड़बड़ पहले से कर रखी है कि इनको पता है कि इन्हें 400 पार मिलने वाले हैं। अगर देश में ऐसा चुनाव हो जिसमें EVM में कोई गड़बड़ न हो तो मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि ये 180 से ज्यादा सीटें नहीं ले सकते, उससे भी कम सीटें लेंगे।"

'भगवान सत्ता के लिए नहीं, सत्य के लिए लड़े'

वहीं एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी के आसपास अभी केवल वे लोग हैं जो उनकी हां में हां मिला सकें। ऐसा इसलिए क्योंकि वो उनसे डरते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम को देश के युवाओं, किसानों और महिलाओं की समस्याएं नहीं दिखती हैं। आज जहां देश का किसान 10 हाजर के कर्ज के लिए अपना जान दे रहा है, वहीं पीएम अरबपतियों के लाखों करोड़ों रुपयों का कर्जा माफ कर रहे हैं। भगवान श्री राम सत्ता' के लिए नहीं, 'सत्य के लिए लड़े। यही वजह है कि हम उनकी पूजा करते हैं।

Created On :   17 April 2024 1:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story