नई दिल्ली: नरेंद्र सिंह तोमर के इस्तीफे के बाद अर्जुन मुंडा बने कृषि मंत्री, जानिए किसे कौन सा विभाग मिला?

नरेंद्र सिंह तोमर के इस्तीफे के बाद अर्जुन मुंडा बने कृषि मंत्री, जानिए किसे कौन सा विभाग मिला?
  • राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने स्वीकार किया नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल और रेणुका सिंह का इस्तीफा
  • केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा,राजीव चन्द्रशेखर, शोभा करंदलाजे और भारती प्रवीण को मिला अतिरिक्त प्रभार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल और रेणुका सिंह को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की विधानसभाओं में चुने जाने के बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन की प्रेस रिलीज के मुताबिक नरेंद्र सिंह तोमर की जगह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को कृषि मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

किसे मिला कौन सा विभाग?

अर्जुन मुंडा के अलावा राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को प्रह्लाद सिंह पटेल के स्थान पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री का प्रभार, राज्य मंत्री राजीव चन्द्रशेखर को जल शक्ति मंत्रालय में राज्य मंत्री का प्रभार (इस विभाग नेतृत्व भी प्रह्लाद सिंह पटेल ही करते थे) और राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार को जनजातीय मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। इस विभाग की मंत्री पहले रेणुका सिंह थीं।

10 सांसदों ने दिया इस्तीफा

बता दें कि राजस्थान, मध्यप्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनाव में चुने जाने के बाद बीजेपी के 12 सांसदों ने बुधवार को अपना इस्तीफा दे दिया था। इनमें केद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल, रेणुका सिंह के साथ किरोणीलाल मीणा(राज्यसभा सांसद) राज्यवर्द्धन सिंह राठौर, दीया कुमारी, रीति पाठक, राकेश सिंह, उदयप्रताप सिंह, गोमती साय, योगी बालकनाथ और अरुण साव शामिल हैं। लोकसभा सांसदों के इस्तीफे की जानकारी अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने पर दी थी।

सीएम पद के कई दावेदार

तीनों राज्यों में सीएम पद के लिए कई नाम सामने आ रहे हैं। बात करें एमपी की तो यहां से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद सिंह पटेल के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित प्रमुख भाजपा नेताओं के नाम चर्चा में हैं।

वहीं राजस्थान में भी जीत के बाद नए मुख्यमंत्री का फैसला करने के लिए जयपुर और दिल्ली में गहन चर्चा हो रही है। जिन नेताओं की दावेदारी सीएम पद के लिए सबसे ऊपर है उनमें दो बार की सीएम वसुंधरा राजे, दीया कुमारी, महंत बालक नाथ और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ हैं।

छत्तीसगढ़ में भी सीएम के दावेदारों के रूप में कई नाम सामने आ रहे हैं। पूर्व सीएम रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, अमर अग्रवाल और रेणुका सिंह सीएम पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। इनमें से रेणुका सिंह का नाम सबसे ऊपर है क्योंकि वह जनजातीय समाज से आती हैं और महिला हैं। छत्तीसगढ़ के गठन के बाद से ही इस राज्य में किसी महिला ने सीएम का पद नहीं संभाला है।

Created On :   7 Dec 2023 6:49 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story