बयान पर बवाल: 'इंडिया' के साथी का राम पर फिर विवादित बयान, डीएमके नेता ने बताया दुश्मन, बीजेपी ने कांग्रेस पर बोला हमला

इंडिया के साथी का राम पर फिर विवादित बयान, डीएमके नेता ने बताया दुश्मन, बीजेपी ने कांग्रेस पर बोला हमला
  • एक और डीएमके नेता का विवादित बयान
  • भगवान राम को बताया दुश्मन
  • बीजेपी ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडू के सत्ताधारी दल डीएमके के नेताओं की ओर से विवादित बयान देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। कुछ समय पहले राज्य के सीएम एमके. स्टालिन के बेटे और सरकार में मंत्री उदयनिधी ने सनातन विरोधी बयान दिया था। वहीं इस कड़ी पार्टी के एक और बड़े नेता और सांसद ए.राजा का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने भारत को एक देश मानने से इनकार करते हुए कहा है कि देश उसे कहा जाता है जिसकी एक भाषा, एक संस्कृति और एक परंपरा हो। बता दें कि ए. राजा ने यह बयान सीएम स्टालिन के जन्मदिन के मौके पर कोयम्बटूर में आयोजित एक सभा के दौरान दिया। बता दें कि डीएमकी भी कांग्रेस नीत इंडिया गठबंधन में शामिल है।

भारत कोई देश नहीं

सांसद ए राजा ने कहा, ए राजा ने कहा, "भारत एक उपमहाद्वीप है। कारण क्या है? यहां कई परंपराएं और संस्कृतियां हैं। तमिलनाडु में एक भाषा-एक संस्कृति हैं। यह एक देश है। मलयालम एक भाषा है, उनका एक राष्ट्र है। ओडिशा एक देश है, वहां एक भाषा है। केरल में अलग, दिल्ली में अलग भाषा और संस्कृति है। ये सारे देश मिलकर भारत को बनाते हैं। इसलिए भारत एक देश नहीं, बल्कि एक उपमहाद्वीप है।" उन्होंने आगे कहा, 'मणिपुर में, जैसा आरएस भारती ने कहा, वो कुत्ते का मांस खाते हैं। हां, यह सच है, वे खाते हैं। वो एक संस्कृति है। इसमें कुछ गलत नहीं है। यह सब हमारे दिमाग में है।'

भगवान राम पर की विवादित टिप्पणी

अपने भाषण में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'यदि आप कहते हैं कि यह भगवान है। यदि यह आपका जय श्री राम है, यदि यह आपका भारत माता की जय है, तो हम कभी ऐसा स्वीकार नहीं करेंगे। तमिलनाडु स्वीकार नहीं करेगा। जाओ और कहो, हम राम के शत्रु हैं। मुझे रामायण में आस्था नहीं है, और भगवान राम में भी नहीं। यदि आप कहते हैं कि रामायण मानवीय सद्भाव का नमूना है, जहां चार भाई के रूप में पैदा होते हैं, एक कुरवार भाई के रूप में होते हैं, एक शिकारी भाई के रूप में होते हैं, एक बंदर भाई के रूप में होते हैं, एक और बंदर छठा भाई है, तो आपका जय श्री राम है! मूर्खो!'

बीजेपी ने दी सख्त प्रतिक्रिया

ए. राजा के बयान पर सियासत भी गरमा गई है। सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा है कि डीएमके सांसद ने हेट स्पीच की नई परिभाषा गढ़ डाली है। इसके साथ ही भगवा दल ने इस मामले में तमिलनाडू में डीएमके की सहयोगी पार्टी कांग्रेस को भी घेरा है। बीजेपी ने रविशंकर प्रसाद ने कहा, "क्या DMK को किसी दूसरे समुदाय के धर्म को लेकर ऐसा कहने का अधिकार है? वे ऐसा बोल पाएंगे क्या? हम सभी धर्म का सम्मान करते हैं। कृपया हिंदू आस्था को इस प्रकार लज्जित न करें।" क्या सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे इनसे सहमत हैं?

उन्होंने आगे कहा, 'इससे स्पष्ट है कि भारत की संस्कृति को ओछा दिखाना, हिन्दू देवताओं का सार्वजनिक अपमान करना और भारत की विचारधारा पर सवाल उठाना ही इंडी महागठबंधन की राजनीतिक मंशा का प्रतीक है। क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक हितों के लिए इतना नीचा गिरने के लिए तैयार है कि वह इस तरह की टिप्पणियों को स्वीकार करे?'

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने ए. राजा के तमिल में दिए बयान का अंग्रेजी में अनुवाद करते हुए अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'डीएमके की तरफ से हेट स्पीच बे रोक- टोक जारी है। उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म विरोधी बयान के बाद अब ए राजा ने भारत के बाल्कनाइजेशन का आह्वान किया है। उन्होंने भगवान राम का मजाक उड़ाया, मणिपुर के लोगों पर हिकारत भरी टिप्पणियां कीं और आइडिया ऑफ इंडिया पर सवाल उठाए।' इसके साथ ही अमित मालवीय ने इंडिया गठबंधन पर भी सवाल उठाया। उन्होंने लिखा, 'कांग्रेस और इंडि अलायंस के साथी दल मौन हैं। उनके संभावित पीएम उम्मीदवार राहुल गांधी की चुप्पी का मतलब भी साफ है।'

बता दें कि ए राजा इससे पहले भी हिंदू धर्म को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं। पिछले साल उन्होंने हिंदू धर्म की तुलना एड्स और कोढ़ जैसे रोगों से की थी। उन्होंने कहा था, "मलेरिया और डेंगू से न तो घृणा का भाव जुड़ा है और न ही इन्हें सामाजिक अपमान माना जाता था। हम कुष्ठ और HIV को घृणा की दृष्टि से देखते हैं। इसे (सनातन धर्म) भी एक ऐसी बीमारी के रूप में देखा जाना चाहिए। HIV और कोढ़ की तरह हमें सनातन को भी मिटाना है।"

Created On :   5 March 2024 1:38 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story