बिहार विधानसभा चुनाव 2025: बी से बीडी और बी से बिहार..केरल कांग्रेस की पोस्ट की सत्तारूढ़ एनडीए सरकार के नेताओं ने की आलोचना

- केरल कांग्रेस ने ट्वीट को अब डिलीट कर दिया है
- सिगार ,सिगरेट , तंबाकू पर 28% से 40% टैक्स
- बीड़ी पर टैक्स घटाकर 28% से 18% किया
डिजिटल डेस्क, पटना। केरल कांग्रेस यूनिट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जीएसटी आलोचना को लेकर एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने बी से बीड़ी और बी से बिहार कहा। दरअसल कांग्रेस ने बीड़ी पर जीएसटी दर में कटौती को लेकर बिहार से जोड़ा। हालांकि बाद में इस पोस्ट रिमूव कर दिया है। कांग्रेस के इस कदम की भाजपा और जेडीयू नेताओं ने तीखी आलोचना की। और पोस्ट को बिहार का अपमान बताया।
आपको बता दें केंद्र सरकार ने नई जीएसटी दरों की घोषणा की है, इसमें सिगार ,सिगरेट , तंबाकू पर 28% से 40% कर लगाया है, जबकि बीड़ी पर टैक्स घटाकर 28% से 18% कर दिया है। इसी पर केरल कांग्रेस ने पोस्ट की। कांग्रेस की इसी पोस्ट को लेकर सत्तारूढ़ सरकार के नेताओं ने कांग्रेस पर हमला करना शुरु कर दिया। आइए जानते है किस नेता ने क्या कहा....
बिहार सरकार में मंत्री मंगल पांडेय ने केरल कांग्रेस के 'बी फॉर बीड़ी और बी फॉर बिहार, ट्वीट (जो अब डिलीट हो गया है) पर कहा, "इस तरह का ट्वीट जब कांग्रेस पार्टी द्वारा किया गया है, यह बिहार के लोगों का बहुत बडा अपमान है। कांग्रेस पार्टी जहां भी कहीं दूसरी जगह सत्ता में रही है, हमेशा वहां पर बिहारियों का अपमान हुआ है। बिहार के लोगों को बहुत गलत तरीके और नजरिए से कांग्रेस पार्टी के लोग देखते हैं, जो हर बिहारी का अपमान है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।
राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने केरल कांग्रेस के 'बी फॉर बीड़ी और बी फॉर बिहार...' ट्वीट (जो अब डिलीट हो गया है) पर कहा, "जिस GST को लेकर केरल कांग्रेस ने ट्वीट किया था उसे उन्होंने डिलीट भी कर दिया। बिहार के मान-सम्मान, स्वाभिमान से पूरा देश परिचित है लेकिन यह भाजपा वाले हमें क्या ज्ञान देंगे?...इन लोगों ने इन्हीं सब विषयों में महारथ हासिल की है। असल मुद्दों पर वे बात ही नहीं करेंगे
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कांग्रेस पार्टी के मन में बिहारी लोगों के प्रति क्या भाव है, इसी से समझ आता है। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और उनके मन में बिहार जैसे इतने बड़े राज्य के लोगों के प्रति इस तरह की ईर्ष्या और घृणा की भावना है क्योंकि बीड़ी में GST घटा दिया गया तो 'बी से बिहारी और बी से बीड़ी' हो गया? इससे समझ आता है कि उनके मन में कितनी घृणा है। हम पीछे रह गए हैं और यह बात सत्य भी है लेकिन आने वाले 5 साल में हम किसी भी राज्य से पीछे नहीं रहेंगे।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। बिहारियों का इस तरह से अपमान करना, जिसका जवाब पूरा देश देगा,भगवान बुद्ध से लेकर, महावीर और गोविंद सिंह साहेब, सभी की पृष्ठभूमि बिहार रही है।देश के किसी भी प्रान्त पर यदि कोई भी प्रश्न उठाता है या उसका अपमान करता है, तो वह व्यक्ति मां भारती की संतान नहीं हो सकता।
गृह राज्य मंत्री और बिहार से भाजपा सांसद नित्यानंद राय ने कहा, "देश भर के कांग्रेस नेता और बिहार में सभी राजद नेता बिहारियों का अपमान करने में आनंद लेते हैं। उन्हें बिहारियों और बिहारी गौरव को अपमानित करने में गर्व महसूस होता है। बिहार की जनता ऐसे सभी लोगों को सबक सिखाएंगे जो बिहारियों और उनके स्वाभिमान को ठेस पहुँचाते हैं। वे (राहुल गांधी और तेजस्वी यादव) (इस बारे में) क्या कहेंगे, वे ही हैं जो उनसे यह सब कहलवाते हैं।
Created On :   5 Sept 2025 2:15 PM IST