लोकसभा चुनाव 2024: इंडिया गठबंधन के लिए यूपी से आई बुरी खबर, अपना दल के बाद इस पार्टी ने छोड़ा साथ

इंडिया गठबंधन के लिए यूपी से आई बुरी खबर, अपना दल के बाद इस पार्टी ने छोड़ा साथ
  • लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन में एक और टूट
  • यूपी में जनवादी पार्टी ने छोड़ा गठबंधन
  • अब राज्य में केवल सपा और कांग्रेस का गठबंधन ही बचा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद सभी दल इस महामुकाबले की तैयारियों में जुट गए हैं। इस बीच विपक्षी दलों के अलायंस 'इंडिया गठबंधन' के लिए एक बुरी खबर आई है। दरअसल, यूपी में अपना दल कमेरावादी के बाद जनवादी पार्टी ने भी गठबंधन से अलग होने का फैसला किया है। पार्टी प्रमुख संजय चौहान ने समाजवादी पार्टी पर सीट बंटवारे को लेकर किया गया वादा न निभाने का आरोप लगाते हुए गठबंधन को तोड़ने का ऐलान किया है।

संजय चौहान ने कहा कि गठबंधन के तहत सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोसी सीट पर जनवादी पार्टी के उम्मीदवार को उतारने का ऐलान किया था। लेकिन उन्होंने वादाखिलाफी करते हुए इस सीट से अपनी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव को उतार दिया।

पार्टी ने 11 सीटों चुनाव लड़ने का किया ऐलान

सपा के इस फैसले के बाद संजय चौहान ने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की। जिसमें राज्य की 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। इनमें से 8 सीटों पर उम्मीदवार भी उतार दिए गए। अन्य तीन सीटों पर भी जल्द ही प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया जा सकता है। पार्टी ने जिन 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है वो हैं - आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, चंदौली, वाराणसी,मछली शहर, कुशीनगर, गोरखपुर, अमेठी, देवरिया और घोसी।

घोसी सीट से चुनाव लड़ेंगे संजय चौहान

जिस घोसी लोकसभा सीट को लेकर जनवादी पार्टी का सपा से विवाद हुआ। उस सीट से पार्टी प्रमुख संजय चौहान चुनाव लडेंगे। बता दें कि जनवादी पार्टी साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के समय से सपा के साथ गठबंधन में थी। यह इकलौता ऐसा दल था जो विधानसभा चुनाव से लेकर अभी तक सपा से जुड़ा हुआ था।

बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले जनवादी पार्टी से पहले पल्लवी पटेल की अपना दल कमेरावादी, महान दल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल पार्टी सपा से अलग हो गए हैं। अब राज्य में केवल सपा और कांग्रेस का गठबंधन ही बचा है।

Created On :   23 March 2024 6:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story