Bihar Politics: बिहार कांग्रेस के बागी विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने JDU कोटे के मंत्री से की मुलाकात, सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू

बिहार कांग्रेस के बागी विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने JDU कोटे के मंत्री से की मुलाकात, सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू
बिहार में कांग्रेस के बागी विधायक सुरेंद्र कुशवाहा जेडीयू नेता और मंत्री अशोक चौधरी से मिलने पहुंच गए हैं। इस दौरान उन्होंने एक चिट्ठी सौंपी है।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में कांग्रेस के बागी विधायक सुरेंद्र कुशवाहा जेडीयू नेता और मंत्री अशोक चौधरी से मिलने पहुंच गए हैं। राज्यसभा चुनाव के समय कांग्रेस के तीन विधायकों ने मतदान नहीं किया था, जिसमें सुरेंद्र कुशवाहा का भी नाम शामिल है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें वाल्मिकि नगर सीट से प्रत्याशी बनाया था, जो चुनाव जीत गए थे। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने मंत्री को एक चिट्ठी सौंपी है, जिसमें अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति बढ़ाने का आग्रह किया है।

कांग्रेस विधायक ने चिट्ठी में क्या लिखा?

इस मुलाकात के बाद कांग्रेस विधायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने इस मीटिंग का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने मंत्री को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने बताया, "मेरे निर्वाचन क्षेत्र वाल्मीकि नगर के तहत आने वाले अलग-अलग प्रखंडों के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा अत्यंत दयनीय है। कई जगहों पर नदियों और नालों पर पुल न होने के कारण ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।"

उन्होंने आगे लिखा, "बरसात के दिनों में लोग दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं और मेन बाजार से लोगों का संपर्क भी कट जाता है। आपसे आग्रह है कि जनहित को देखते हुए योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य शुरू कराने की कृपा करें, ताकि सड़कों और पुलों के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय और मेन मार्केट से सीधा जुड़ाव हो सकेगा।"

इस मुलाकात के मायने?

सुरेंद्र कुशवाहा इस मुलाकात को भले ही क्षेत्रीय विकास कार्यों से जोड़ रहे हैं, लेकिन राज्यसभा चुनाव के दौरान उनकी अनुपस्थिति को लेकर मायने राजनीति में कुछ अलग ही निकाले जा रहे हैं। जेडीयू नेता के मुलाकात के बाद से सियासत में हलचल देखने को मिली है। कांग्रेस को लेकर चर्चाएं की जा रही है कि बिहार पार्टी संगठन के भीतर मतभेद गहरा होते जा रहा है।

Created On :   29 March 2026 4:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story