लोकसभा चुनाव 2024: बागी नेता संजय निरुपम पर कांग्रेस का बड़ा एक्शन, दिखाया बाहर का रास्ता

बागी नेता संजय निरुपम पर कांग्रेस का बड़ा एक्शन, दिखाया बाहर का रास्ता
  • संजय निरुपम कांग्रेस से 6 साल के लिए निष्कासित
  • पार्टी विरोधी बयान देने के पर लिया फैसला
  • मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे निरुपम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। सभी दलों ने इस महामुकाबले के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच कांग्रेस ने काफी दिनों से बागी रुख अख्तियार किए हुए बागी नेता संजय निरुपम पर बड़ा एक्शन लिया है। पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। दरअसल, काफी दिनों से संजय पार्टी विरोधी बयान दे रहे थे, जिसके चलते पहले ही कांग्रेस ने उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची से हटा दिया था। उन्होंने महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस के साथ शामिल शिवसेना (उद्धव गुट) के साथ सीट बंटवारे को लेकर टिप्पणी की थी जो पार्टी आलाकमान को अच्छी नहीं लगी थी।

बुधवार को महाराष्ट्र कांग्रेस ने संजय निरुपम को पार्टी से निष्कासित करने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया था जो कि पास भी हो गया था। इस पर आखिरी फैसला दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने लिया। बता दें कि शिवसेना से अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत करने वाले संजय निरुपम बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वह दो बार कांग्रेस से लोकसभा और राज्यसभा के सांसद भी रहे।

खुद को पार्टी से निष्कासित करने वाले प्रस्ताव के पारित होने के बाद संजय ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रही पार्टी मेरे लिए कागज-कलम और ऊर्जा बर्बाद ना करे। इसका इस्तेमाल पार्टी को बचाने के लिए होना चाहिए। मैंने पार्टी को जो समय सीमा दी थी वह आज खत्म हो रही है। मैं कल अपने अगले कदम के बारे में बताऊंगा।" दरअसल, संजय की मांग मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की थी। लेकिन गठबंधन के तहत महाविकास अघाड़ी में शामिल शिवसेना यूबीटी ने अमोल कीर्तिकर को यहां से अपना उम्मीदवार बना दिया। इसी बात से कांग्रेस नेता संजय निरुपम नाराज चल रहे हैं। उन्होंने पहले भी सीट शेयरिंग में कांग्रेस व एनसीपी पर हावी होने के लिए शिवसेना (उद्धव गुट) की आलोचना की थी।

उन्होंने दावा किया था कि शिवसेना कांग्रेस के सपोर्ट के बिना महाराष्ट्र में एक भी लोकसभा सीट जीतने की स्थिति में नहीं है। महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने शिवसेना पर आरोप लगाते हुए कहा था कि शिवसेना (उद्धव गुट) मुंबई में 6 से 5 सीटें लेने के लिए कांग्रेस पर दबाव बना रही है। लेकिन कांग्रेस के उसके इस तरह के किसी दबाव में नहीं आना चाहिए।

Created On :   3 April 2024 6:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story