बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 'यह घमंडियों का अलायंस', BJP ने महागठबंधन पर साधा निशाना

- बिहार विधानसभा चुनाव में कुछ दिनों का समय बाकी
- बीजेपी ने महागठबंधन में फूट होने की कही बात
- भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने बताया घमंडियों का अलायंस
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं इससे पहले बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव इंडी गठबंधन में शामिल दलों को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी के अंतर्गत शनिवार को महागठबंधन कॉर्डिनेशन कमिटी की बैठक हुई। वहीं, बीजेपी की तरफ से तेजस्वी यादव पर पप्पू यादव और कन्हैया कुमार को बिहार बंद के दौरान अपमानित करने का आरोप लगाया गया। अब तेजस्वी के गठबंधन के दलों को एकजुट करने के प्रयास पर भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने निशाना साधा है।
दरअसल, हाल ही में एनडीए की ओर से तेजस्वी यादव पर मनमानी करने का आरोप लगाया गया था, जब पप्पू यादव और कन्हैया कुमार को बिहार बंद के दौरान आयोजित धरना प्रदर्शन से अलग कर दिया गया था।
'यह घमंडियों का गठबंधन'
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि तेजस्वी यादव क्या असफल प्रयास कर रहे हैं? यह घमंडियों का गठबंधन है। मीडिया से बातचीत में अजय आलोक ने तेजस्वी यादव और इंडी अलायंस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस, राजद और अन्य दल में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही है, जो अंततः एक समझौते में बदल जाएगी। आलोक ने इन दलों को घमंडियों का गठबंधन, वोट कटवा पार्टी, फ्रॉड पार्टी और जंगल राज वाली पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि अंदर जो खिचड़ी बन रही है, वह सभी जानते हैं।
वहीं आईआईएम कलकत्ता में छात्रा के साथ हुए बलात्कार मामले पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। वहां अब कानून-व्यवस्था का कोई मतलब नहीं रह गया है। लोग पुलिस को या तो टीएमसी का गुंडा या टीएमसी का एजेंट समझते हैं। वहां पूरी तरह अराजकता है। भारतीय जनता पार्टी लोगों के साथ खड़ी है। हर संघर्ष में हमारे कार्यकर्ता वहां होते हैं। चुनाव में जनता वोट से जवाब देगी।
Created On :   12 July 2025 11:46 PM IST