Bihar Assembly Elections: महागठबंधन में RJD - कांग्रेस तनातनी के बीच, लालू-तेजस्वी से मिलने पहुंचे अशोक गहलोत, सीट शेयरिंग और फ्रेंडली फाइट पर की चर्चा

महागठबंधन में RJD - कांग्रेस तनातनी के बीच, लालू-तेजस्वी से मिलने पहुंचे अशोक गहलोत, सीट शेयरिंग और फ्रेंडली फाइट पर की चर्चा

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन में अभी भी सीट शेयरिंग को लेकर बात नहीं बन पाई है। महागठबंधन के भीतर आपसी कलह बढ़ती ही जा रही है। इसमें शामिल घटक दलों ने एक दूसरे के खिलाफ प्रत्याशी उतार दिए हैं जिससे सियासी पारा हाई हो गया है। इन समस्याओं को दूर करने के लिए बिहार चुनाव में कांग्रेस की ओर से राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत को बुलाया गया है। जिसके बाद गहलोत ने आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मिलने गए थे। इस मुलाकात के बाद ऐसा माना जा रहा है कि अब कांग्रेस और आरजेडी के बीच सब कुछ ठीक हो गया है। इसके बाद महागठबंधन गुरुवार को एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकता है।

बैठक में अशोक गहलोत ने मिडिया से कहा, "लालू जी और तेजस्वी जी से बहुत अच्छी बातचीत हुई। तमाम काम अच्छे से चल रहे हैं। 5-7 सीटों पर फ्रेंडली फाइट है, एक दो दिन में जो भी भ्रम है, वह पूरी तरह दूर हो जाएगा।"

फ्रेंडली फाइट पर बोले अशोक गहलोत

बिहार में 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। जिस पर गहलोत ने कहा कि कुछ सीटें ऐसी हैं जहां महागठबंधन के घटक दलों के बीच फ्रेंडली फाइट देखने को मिल रही है। अगर एक तरह से देखें तो यह कोई मतभेद नहीं है बल्कि लोकतांत्रिक जोश का हिस्सा है। उन्होंने कहा, "कभी-कभी कार्यकर्ताओं में उत्साह होता है, स्थानीय परिस्थितियों में ऐसी स्थितियां आती हैं। इसे कमजोरी नहीं, मजबूती की निशानी समझिए।"

आपको बता दें कि इस विधानसभा चुनाव में 11 सीटें ऐसी हैं जहां कांग्रेस और आरजेडी दोनों आमने-सामने हैं। जिससे अदंरूनी कलह बढ़ रही है। खासकर सीमांचल और कोसी के इलाकों में कई ऐसी सीटें हैं जहां सहमति नहीं बन पा रही है।

कृष्णा अल्लावरु ने कहा सिर्फ सत्ता पाने के लिए नहीं लड़ रहे

वहीं, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने भी साफ शब्दों में कहा कि हम बिहार में सिर्फ सत्ता पाने के लिए नहीं, बल्कि यहां के लोगों का भविष्य बनाने के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, "बिहार में मुकाबला 243 सीटों पर है और यह सीधी लड़ाई एनडीए के खिलाफ है। हम जनता के मुद्दों को लेकर मजबूती से चुनाव लड़ेंगे।" उसके बाद कांग्रेस प्रभारी ने विश्वास जताया कि महागठबंधन जनता के मुद्दों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा। इस बार बिहार में बदलाव होना तय है।

Created On :   22 Oct 2025 8:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story