Bihar Exit Poll Results: किसके सर पर होगा बिहार का ताज, देखें एग्जिट पोल के नतीजे

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के अंतिम चरण की वोटिंग समाप्त हो चुकी है। पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड मतदान हुआ है। वोटिंग समाप्त होने के साथ ही एग्जिट पोल के नतीजों का इंतजार कर रहे राजनीतिक दल और मतदाता दोनों का इंतजार खत्म हो चुका है। आइए जानते हैं क्या कह रहे हैं एग्जिट पोल्स के नतीजे? एनडीए के हाथ में ही रहेगी सत्ता या फिर होगा बदलाव..
MATRIZE-आईएएनएस के एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत
बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने लगे हैं। इस पोल में सत्ताधारी एनडीए की फिर वापसी हो रही है। एनडीए को जहां 48 फीसदी वोट मिल रहे हैं वहीं महागठबंधन को 37 फीसदी मत मिल रहे हैं। एनडीए को 147-167 सीटें, वहीं महागठबंधन को 70-90 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
यह भी पढ़े -बिहार चुनाव विभिन्न एग्जिट पोल में भी 'फिर एक बार, नीतीशे कुमार', एनडीए को बहुमत का अनुमान
जेवीसी के पोल में भी एनडीए की सरकार
जेवीसी एग्जिट पोल में भी बिहार में दोबारा एनडीए की सरकार बनने का अनुमान बताया जा रहा है। पोल के मुताबिक सत्ताधारी गठबंधन एनडीए को 135-150 सीटें, महागठबंधन को 88-103 सीटें और अन्य के खाते में 3 से 6 सीटें जाने का अनुमान है।
पीपल्स इंसाइट के पोल में भी एनडीए की बंपर जीत
पीपल्स इंसाइट के एग्जिट पोल में भी एनडीए को 133-148 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं महागठबंधन के खाते में 87-102 सीटें जाती हुई दिख रही हैं। जनसुराज के खाते में 2 सीटें और अन्य को 3-6 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
चाणक्य एग्जिट पोल में भी एनडीए की सरकार
चाणक्य एग्जिट पोल में भी एनडीए के दोबारा सरकार बनाने का अनुमान लगाया गया है। पोल के मुताबिक एनडीए को 130 से 138, महागठबंधन को 100 से 108 और अन्य के खाते में 3 से 5 सीटें जाती दिख रही हैं।
POLSTRAT ने जताई एनडीए सरकार बनने की संभावना
बिहार चुनाव को लेकर POLSTRAT का एग्जिट पोल भी आ गया है। इसमें भी एनडीए सरकार बनती दिख रही है। पोल के मुताबिक एनडीए को 133-148 सीट, महागठबंधन को 87-102 और अन्य को 3-5 सीट मिल सकती हैं। वहीं अगर पार्टी के हिसाब से देखें तो बीजेपी को 68-72 और जदयू को 55-60 सीट, लोजपा (आर) 9-12, हम 1-2 और आरएलम को 0-2 सीट मिल सकती हैं।
पोल ऑफ पोल्स में एनडीए को 143 सीटें
पोल्स ऑफ पोल्स में एनडीए को 143, महागठबंधन को 94 और 4-6 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। बता दें कि बिहार की 243 सीटों वाली विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों पर जीत दर्ज करना जरूरी है।
Created On :   11 Nov 2025 6:41 PM IST












