Pune City News: मनपा में फिर होगा ‘महिलाराज’, 165 में से 83 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित

मनपा में फिर होगा ‘महिलाराज’, 165 में से 83 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
  • पुणे मनपा चुनाव के लिए आरक्षण ड्रा घोषित
  • 17 नवंबर से दर्ज होंगी आपत्तियां

भास्कर न्यूज, पुणे। राज्यभर में नगर निगम चुनावों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मंगलवार को पुणे मनपा चुनाव के लिए 41 वार्डों की कुल 165 सीटों के आरक्षण ड्रा की घोषणा गणेश कला क्रीडामंच में की गई। इस बार भी मनपा में महिलाओं का दबदबा दिखने वाला है, क्योंकि 165 में से 83 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। इन 83 सीटों में से 48 सीटें सामान्य श्रेणी की महिलाओं, 23 सीटें ओबीसी महिलाओं, 11 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) की महिलाओं, और 1 सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) महिला के लिए आरक्षित हैं। शेष सीटें पुरुषों के लिए खुली रखी गई हैं।

आरक्षण ड्रा मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम की अध्यक्षता में छात्रों के हाथों से लॉटरी निकालकर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और इच्छुक उम्मीदवार उपस्थित थे।

पुणे मनपा के 41 वार्डों में से 40 वार्ड चार-सदस्यीय हैं, जबकि वार्ड क्रमांक 38 पांच-सदस्यीय है। इस बार चुनाव के लिए कुल 165 सदस्य चुने जाएंगे। आरक्षण के अनुसार,

22 सीटें अनुसूचित जाति,

2 सीटें अनुसूचित जनजाति,

44 सीटें पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और

97 सीटें सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हैं।

इनमें से महिलाओं के लिए क्रमशः

अनुसूचित जाति में 11 सीटें,

अनुसूचित जनजाति में 1 सीट,

ओबीसी वर्ग में 22 सीटें और

सामान्य वर्ग में 49 सीटें आरक्षित हुई हैं।

कार्यक्रम के दौरान गणेश कला क्रीडामंच में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नागरिकों ने वार्डवार आरक्षण की घोषणा पर तालियां बजाकर जल्लोष किया। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त ओमप्रकाश दिवटे, पृथ्वीराज बी.पी., चुनाव अधिकारी प्रसाद काटकर, नगर सचिव योगिता भोसले समेत कई अधिकारी उपस्थित थे। गौरतलब है कि 2017 के मनपा चुनाव में 86 महिलाएं और 78 पुरुष पार्षद चुने गए थे। इस बार भी आरक्षण के आधार पर महिलाओं की भागीदारी अधिक रहने की संभावना है।

17 नवंबर से दर्ज होंगी आपत्तियां

वार्डवार आरक्षण ड्रा पर आपत्तियां और सुझाव 17 से 24 नवंबर दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। इन्हें मनपा के चुनाव कार्यालय या क्षेत्रीय कार्यालय में सीधे दर्ज किया जा सकेगा। ईमेल या डाक से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। कुल मिलाकर, पुणे मनपा के आगामी पंचवार्षिक कार्यकाल में भी ‘महिलाराज’ कायम रहेगा।

Created On :   11 Nov 2025 6:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story