Pune City News: नदी-नालों में मलबा और कचरा फेंकने वालों पर सख्ती

नदी-नालों में मलबा और कचरा फेंकने वालों पर सख्ती
  • मनपा ने 1.90 करोड़ का जुर्माना वसूला
  • दो निजी संस्थाओं की चार टीमें सक्रिय

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। मनपा ने शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। नदी-नालों में निर्माण मलबा फेंकने, खुले में कचरा डालने, कचरा जलाने और प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत मनपा के उपद्रव शोध दल (न्यूसेंस डिटेक्शन स्क्वाड) ने अब तक 3,776 नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कुल 1.90 करोड़ 43 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया है। वहीं, छह लोगों पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं। शहर की पवना, इंद्रायणी और मुळा नदियों सहित अन्य नालों में लोग बेखौफ निर्माण मलबा और कचरा फेंक रहे थे। कई जगहों पर घरों से निकलने वाला कचरा सड़क किनारे या नालों में डाल दिया जा रहा था। सार्वजनिक स्थानों पर थूकना, लघुशंका करना और आयोजनों के बाद सफाई न करना जैसी घटनाएं भी बार-बार सामने आ रही थीं। मनपा नियमों के अनुसार, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाना, बायोमेडिकल कचरा खुले में फेंकना, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करना या कचरा जलाना दंडनीय अपराध है।

- दो निजी संस्थाओं की चार टीमें सक्रिय

इन नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए प्रशासन ने दो निजी संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंपी है। अक्टूबर 2024 से शुरू हुए इस अभियान के तहत उपद्रव शोध दल की चार टीमें दिन-रात शहर में गश्त कर कार्रवाई कर रही हैं। एक संस्था ने 2,685 नागरिकों पर कार्रवाई करते हुए ₹1.08 करोड़ 27 हजार 990 रुपये का जुर्माना वसूला, जबकि दूसरी संस्था ने 1,091 लोगों से ₹82 लाख 15 हजार रुपये दंड के रूप में वसूल किए। इस तरह अब तक कुल ₹1.90 करोड़ 43 हजार 60 रुपए का दंड वसूल किया गया है। यह जानकारी पर्यावरण विभाग के कार्यकारी अभियंता हरविंदरसिंह बंसल ने दी।मनपा ने तय किया है कि वसूले गए दंड की राशि में से 60 प्रतिशत निजी संस्थाओं को और 40 प्रतिशत मनपा के खाते में जमा की जाएगी। इससे कार्रवाई और निगरानी दोनों को मजबूती मिलेगी। मनपा के नियंत्रण में काम कर रही टीमें नियम तोड़ने वालों को मौके पर ही जुर्माना भरने की पावती देती हैं और भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी भी देती हैं। मनपा की यह सख्त कार्रवाई न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि नागरिकों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन का संदेश भी दे रही है।

नदी-नालों और खुले स्थानों में मलबा या कचरा फेंकने वालों पर नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। जुर्माने के बाद नागरिकों को जागरूक भी किया जा रहा है। स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए यह कार्रवाई जारी रहेगी।

- संजय कुलकर्णी, मुख्य अभियंता, पर्यावरण विभाग, पिंपरी-चिंचवड़ मनपा

Created On :   11 Nov 2025 5:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story