Bihar Politics: 'भाजपा की वजह से 20 वर्षों से सीएम हैं नीतीश कुमार..', आरजेडी प्रमुख मंगनीलाल मंडल ने कसा तंज

- इस साल बिहार में होने हैं विधानसभा चुनाव
- गुरुवार को हुई आरजेडी की राज्य परिषद की बैठक
- बिहार आरजेडी प्रमुख ने लालू यादव की तारीफ की
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिनों का समय शेष बचा है। सभी दलों ने इस सियासी रण को जीतने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी के साथ सियासतदानों के बीच जुबानी हमले भी तेज हो गए हैं। आरजेडी राज्य परिषद की बैठक में पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के कारण 20 वर्षों से मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार पिछड़ों और अति पिछड़ों की नहीं है, जिन्होंने गरीबों के लिए काम किया उसका नाम लालू प्रसाद यादव है।
लालू ने गरीबों को आवाज दी
पार्टी राज्य परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए मंडल ने कहा कि लालू यादव जब सत्ता में रहे तब गरीबों को आवाज दी। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा राजद की सेवा करने की है। उन्हें खुद विश्वास नहीं था कि राजद परिवार इतनी बड़ी जिम्मेदारी देगा। उन्होंने इसके लिए लालू यादव का आभार जताया।
सामाजिक न्याय की लड़ाई में मंगनीलाल का अहम योगदान - लालू यादव
इस मौके पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने कहा कि मंगनीलाल मंडल पुराने समाजवादी हैं। सामाजिक न्याय की लड़ाई में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी ने निर्विरोध एक ऐसे व्यक्ति को प्रदेश का अध्यक्ष निर्वाचित किया है, जिन्होंने लंबे समय तक जननायक कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद यादव जैसे नेताओं के साथ समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की धारा को मजबूती प्रदान करने के लिए संघर्ष किया है। मंगनीलाल मंडल को संगठन का लंबा अनुभव रहा है, जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा।
उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के कार्यकाल की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूती प्रदान करने में उनका योगदान काफी महत्वपूर्ण रहा है। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र पूर्वे भी उपस्थित रहे।
Created On :   20 Jun 2025 12:45 AM IST