आरोप-प्रत्यारोप: कर्नाटक में भ्रष्टाचार के जरिए की जा रही कमाई का अन्य चुनावी राज्यों में इस्तेमाल कर रही है कांग्रेस : भाजपा

कर्नाटक में भ्रष्टाचार के जरिए की जा रही कमाई का अन्य चुनावी राज्यों में इस्तेमाल कर रही है कांग्रेस : भाजपा
  • कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के मंत्री शिवानंद पाटिल पर नोटों की बारिश
  • भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
  • वायरल वीडियो तेलंगाना का बताया जा रहा है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के मंत्री शिवानंद पाटिल पर तेलंगाना में नोटों की बारिश के एक वायरल वीडियो को लेकर गांधी परिवार और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर निशाना साधते हुए कहा कि गांधी परिवार ने कर्नाटक को भ्रष्टाचार का एटीएम बना रखा है और वीडियो से ये प्रमाणित हो गया है कि कर्नाटक के कांग्रेस के मंत्री जनता की कमाई लूट कर तेलंगाना जाते हैं और चुनाव जैसे महापर्व को अपनी काली कमाई से प्रदूषित करने का काम कर रहे हैं।

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार में मंत्री शिवानंद पाटिल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में उन पर नोटों की बारिश की जा रही है। जब शिवानंद पाटिल से पूछा गया कि क्या वीडियो में आप ही हैं? तो, उन्होंने स्वीकारा कि वीडियो में वे ही हैं। भाटिया ने आगे कहा कि इससे ये तो प्रमाणित हो गया है कि कर्नाटक के मंत्री जनता की कमाई लूट कर हैदराबाद जाते हैं। क्योंकि कांग्रेस के डीएनए में जनता की सेवा तो है नहीं। उन्होंने शिवानंद पाटिल को तुरंत मंत्रिपद से हटाने की भी मांग की।

भाटिया ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में चुनाव महापर्व है और कांग्रेस पार्टी और उसके मंत्री अपनी काली कमाई से इसको प्रदूषित करने का काम कर रहे हैं। कर्नाटक के जो मंत्री हैं, उनकी इतनी हिम्मत नहीं है कि आलाकमान के निर्देश के बिना जनता को लूट कर पैसों की बारिश करें। उन्होंने पूछा कि तेलंगाना में चुनाव हैं, तो कर्नाटक के 3 मंत्री हैदराबाद में क्या कर रहे हैं? क्या कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे इन मंत्रियों के आचरण से इत्तेफाक रखते हैं या नहीं?

गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए भाटिया ने आगे कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी भ्रष्टाचार के आरोप में बेल पर बाहर हैं। क्या यही वजह है कि गांधी परिवार का भ्रष्टाचारी डीएनए कांग्रेस के सभी नेताओं के अंदर उबाल मार रहा है। जनता का रुपया लूटना और उसका इस्तेमाल गांधी परिवार के हित के लिए करना, ये भ्रष्टाचारी कांग्रेस पार्टी के नेताओं का जन्मसिद्ध अधिकार बन गया है। इस अधिकार की भावना को ध्वस्त कर देना भाजपा का काम है।

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि पूरे भारत की जनता फर्क देख रही है। एक तरफ ईमानदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईमानदार पार्टी भाजपा है तो दूसरी तरफ महाभ्रष्टाचारी कांग्रेस पार्टी है, जिनके डीएनए में ही भ्रष्टाचार घुसा हुआ है। चुनाव में इन भ्रष्टाचारियों का सफाया होने जा रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने राजस्थान के कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी के वायरल वीडियो को लेकर भी कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता गुरूर में हैं और जनता उनका यह गुरूर और घमंड तोड़ेगी।

आईएएनएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Oct 2023 11:46 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story