Maharashtra Politics: 'कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान और देशद्रोहियों के साथ...पीओके उसी की देन', जमकर बरसे बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय

- सर्वदलीय सांसदों के डेलिगेशन को लेकर गरमाई सियासत
- बीजेपी ने कांग्रेस नेताओं की बयानों को लेकर की आलोचना
- राहुल गांधी और रेवंत रेड्डी के बयान की निंदा की
डिजिटल डेस्क, मुंबई। आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान का झूठ दुनिया के सामने उजागर करने के लिए केंद्र सरकार ने सर्वदलीय सांसदों का डेलीगेशन दुनिया के प्रमुख देशों में भेजे हैं। इसे लेकर देश की सियासत गरमाई हुई है। इस बीच महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय उपाध्याय ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान, चीन और देशद्रोहियों के साथ है। कांग्रेस के हाथ में देश सुरक्षित नहीं है। उन्होंने मीडिया से कहा, "तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हों या फिर कांग्रेस का कोई भी अन्य नेता, सभी इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि पाकिस्तान के साथ हुए संघर्ष के दौरान कितने राफेल नष्ट हुए। इन बयानों से स्पष्ट होता है कि कांग्रेस देश के साथ नहीं है।" उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस अगर देश के प्रति जिम्मेदार होती, तो उनके नेताओं की तरफ से ऐसे बयान नहीं आते।"
पीओके कांग्रेस की देन
संजय उपाध्याय ने कहा, "रेवंत रेड्डी से सवाल किया जाना चाहिए कि कांग्रेस परिवार के पास जब देश के प्रधानमंत्री का पद था, उस समय कश्मीर का कितना बड़ा हिस्सा पाकिस्तान और चीन को देने का पाप किया गया।" उन्होंने कहा, "अगर देश आज पीओके की समस्या से जूझ रहा है, तो इसका जिम्मेदार गांधी परिवार ही है।"
कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ
भाजपा विधायक ने कहा, "शशि थरूर हों या फिर सलमान खुर्शीद, देश की बात आती है, तो वे पार्टी हित से ऊपर उठकर सोचते हैं। कांग्रेस को इस बात का दुख है। यह दर्शाता है कि कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ है। इस पार्टी के हाथ में देश कभी भी सुरक्षित नहीं है।"
बता दें कि राहुल गांधी की तरह ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी केंद्र सरकार से पूछा है कि पाकिस्तान के साथ हुए संघर्ष में कितने राफेल नष्ट हुए थे। इस बयान के बाद देशभर में उनकी आलोचना हो रही है। कांग्रेस के कई सांसद सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं और विदेशों में आतंकवाद पर भारत के रुख को मजबूती से रख रहे हैं और 'ऑपरेशन सिंदूर' को जरूरी बता रहे हैं। वहीं, देश में पार्टी के कई सांसद 'ऑपरेशन सिंदूर' पर सवाल उठा रहे हैं।
Created On :   30 May 2025 11:13 PM IST