Dewas liquor case: देवास शराब कांड से गरमाई सियासत, कांग्रेस की चुप्पी पर सारंग ने उठाए सवाल

देवास शराब कांड से गरमाई सियासत, कांग्रेस की चुप्पी पर सारंग ने उठाए सवाल
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने देवास शराब कांड को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की पुलिस जांच में कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे अमन कासलीवाल का नाम सामने आया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने देवास शराब कांड को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की पुलिस जांच में कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे अमन कासलीवाल का नाम सामने आया है। सारंग ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से सवाल किया कि इतने गंभीर मामले में नाम सामने आने के बाद पार्टी संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी?

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि पुलिस विवेचना में मुख्य आरोपी अज्जू राठौर और उसके साथी गोविंद के साथ अमन कासलीवाल की कथित संलिप्तता सामने आई है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों ने अमन कासलीवाल से थिनर का ड्रम खरीदा था और इस बात को जांच के दौरान स्वीकार भी किया है। सारंग ने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब

विश्वास सारंग ने मीडिया को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि आनंद कासलीवाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के करीबी हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से पूछा कि ऐसे गंभीर मामले में नाम सामने आने के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। सारंग के मुताबिक, आनंद कासलीवाल अब भी कांग्रेस के प्रवक्ता हैं और पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमन कासलीवाल कथित तौर पर पूरे रैकेट को संचालित कर रहा था। सारंग ने कहा कि इस मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए और किसी भी संभावित संलिप्तता की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

कांग्रेस की आर्थिक व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

मंत्री ने कांग्रेस की आर्थिक व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या आनंद कासलीवाल और अमन कासलीवाल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) का खर्च उठाते थे और क्या इसी वजह से उनकी पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका थी। सारंग ने इस पहलू की भी जांच की मांग की।

उन्होंने कहा कि देवास शराब कांड से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के प्रति जवाबदेही तय होनी चाहिए। साथ ही, कांग्रेस नेतृत्व को पूरे मामले पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story