रामलला प्राण प्रतिष्ठा: अयोध्या से विपक्षी नेताओं की दूरी, जानिए आज के दिन क्या कर रहे हैं विपक्ष के नेता?

अयोध्या से विपक्षी नेताओं की दूरी, जानिए आज के दिन क्या कर रहे हैं विपक्ष के नेता?
  • विपक्षी नेताओं ने रामलला प्राण प्रतिष्ठा को बताया राजनीतिक इवेंट
  • उद्धव,ममता,राहुल, केजरीवाल ने बनाई दूरी
  • यात्रा,सद्भावना रैली, आरती और भंडारे में व्यस्त विपक्षी नेता

डिजिटल डेस्क, अयोध्या। आज अयोध्या के राम मंदिर में रामलला प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होने जा रहा है। विपक्षी नेताओं ने आयोजन में शामिल होने से दूरी बना ली है। जबकि इस आयोजन में शामिल होने के लिए विपक्ष के कई नेताओं को न्योता भेजा गया था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, एनसीपी प्रमुख शरद पवार,शिवसेना यूबीटी चीफ उद्धव ठाकरे, टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यक्रम को बीजेपी का राजनीतिक इवेंट बताते हुए आयोजन से दूरी बना ली थी।

अब आपको बता दें विपक्षी नेता अपने अपने कार्यक्रमों में व्यस्त है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे है। राहुल की यह यात्रा असम में हैं। राहुल गांधी आज असम के नगांव जिले में स्थित वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान बोर्दोवा थान जाएंगे। वहीं कई नेता राम से जुड़े कार्यक्रम अपने अपने गृह राज्य में किसी ना किसी तरह आयोजित कर रहे है। ताकि उन पर रामविरोधी होने का ढिढोरा ना पीटा जाए।

पश्चिम बंगाल की मु्ख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता के कालीघाट मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगी। टीएमसी चीफ बनर्जी कालीघाट मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सर्वधर्म सद्भावना रैली भी निकालेंगी। टीएमसी प्रमुख ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी पूरे प्रदेश में जगह-जगह सर्वधर्म सद्भावना रैली निकालने की अपील की है।

शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे आज विनायक दामोदर सावरकर की जन्मस्थली भगुर जाएंगे। इसके बाद उद्धव का शाम को नासिक के कालाराम मंदिर पहुंचेंगे वहां महाआरती में शामिल होंगे। कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कालाराम मंदिर गए थे। भगवान राम का यह मंदिर दलितों के मंदिर में प्रवेश के लिए हुए ऐतिहासिक आंदोलन के लिए भी पहचान रखता है। 1930 में डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में मंदिर में प्रवेश के लिए यहीं दलित आंदोलन हुआ था।

दिल्ली की सत्तारूढ़ पार्टी आम आदमी पार्टी शोभा यात्रा निकालेगी। शोभा यात्रा में सीएम अरविंद केजरीवाल भी शामिल हो सकते हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से पूरी दिल्ली में भंडारा भी आयोजित किया जाना है। आप की ओर से 20 जनवरी से प्यारेलाल भवन में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है।

आपको बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में दोपहर 12 बजकर 5 मिनट से 12 बजकर 55 मिनट तक राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा।

Created On :   22 Jan 2024 5:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story