Politics News: 'विपक्ष के कई विधायक हमारे संपर्क...' चिराग पासवान ने राज्यसभा चुनाव के बाद टूट का किया दावा

डिजिटल डेस्क, पटना। राज्यसभा इलेक्शन के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में बड़ी टूट होने वाली है। पार्टी के बड़ी संख्या में विधायक उनके संपर्क में होने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस में भी टूट का दावा किया है। बता दें कि उनका यह दावा ऐसे समय पर सामने आया है, जब बिहार की पांच राज्यसभी सीटों पर एनडीए की जीत हुई है।
यह भी पढ़े -बिहार में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की उठी मांग, पटना की सड़कों पर लगाए पोस्टर, लिखें ये नारे
RJD के आरोपों पर क्या बोले?
चिराग पासवान ने आरजेडी के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "आप से अपनी पार्टी संभलती नहीं है, जनता का विश्वास खो चुके हैं। सारे विपक्षी दलों के साथ ये दिक्कत आ रही है। कांग्रेस भी आरोप लगाने पर ज्यादा समय बर्बाद करती है और मंथन करने पर कम। जो ये आरोप लगा रहे हैं, उनकी पार्टी खुद टूट की कगार पर है। बड़ी संख्या में उनके विधायक हमारे संपर्क में हैं। इस चुनाव में ये प्रमाणित भी हो गया है। मतदान के लिए कांग्रेस के आधे विधायक नहीं गए।"
यह भी पढ़े -चिराग के सीएम बनाने की मांग पर बिहार के मंत्री ने कहा- कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान, अभी नीतीश मुख्यमंत्री हैं
'आपने किया हॉर्स ट्रेडिंग'
केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया, "जब तक आप आत्मचिंतन नहीं करेंगे। सिर्फ आरोप लगाते रहने से कि आपने हॉर्स ट्रेडिंग किया, आपने ने खरीद लिया, इसका मतलब है कि आप कभी चिंतन करना ही नहीं चाहते कि आपसे कहां चूक हुई। आपको इतनी बड़ी हार हासिल हुई, ऐसे में इन आरोपों के कोई मायने नहीं हैं। आपके खुद के विधायक नहीं जा रहे हैं। ये कैसा विश्वास है आपके विधायकों का आपकी पार्टी के ऊपर? क्या यह दर्शाता नहीं है कि कितना असंतोष खड़ा हो रहा है।"
विपक्ष में बिखराव
राज्यसभा चुनाव के दौरान चिराग पासवान का कहना था कि विपक्ष में बिखराव स्पष्ट नजर आ रहा है। यहां तक की वोटिंग वाले दिन आरजेडी के विधायक उपस्थित नहीं थे। इतना ही नहीं कांग्रेस के भी कई विधायक इसमें शामिल नहीं हुए। उन्होंने यह कहा कि उन्हें शुरुआत से ही विश्वास था कि एनडीए के सभी पांच प्रत्याशी जीत रहे हैं, इसमें कोई भी परेशानी नहीं आएगी।
Created On :   17 March 2026 10:49 PM IST













