राजस्थान कैबिनेट विस्तार: भजनलाल कैबिनेट में पहला विस्तार, 22 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, देखें पूरी लिस्ट

भजनलाल कैबिनेट में पहला विस्तार, 22 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, देखें पूरी लिस्ट
  • चुनाव रिजल्ट के 27 दिन बाद हुआ विस्तार
  • 22 विधायकों ने ली शपथ
  • 12 कैबिनेट, 5 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 5 राज्यमंत्री बनाए गए

डिजिटल डेस्क, जयपुर। चुनाव नतीजों के 27 दिन बाद आज राजस्थान में भजनलाल कैबिनेट का विस्तार हो गया है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने 22 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। राजधानी जयपुर के राजभवन में आयोजित हुए शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने सर्वप्रथम पार्टी के दिग्गज नेता किरोड़ी लाल मीणा को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई।

इसके बाद गजेंद्र सिंह खींवसर , राज्यवर्धन राठौड़, बाबू लाल खराड़ी, मदन दिलावर, जोगाराम पटेल, सुरेश रावत, अविनाश गहलोत, जोगाराम कुमावत, हेमंत मीणा, कन्हैया लाल चौधरी और सुमित गोदारा को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई। इसके अलावा भजनलाल कैबिनेट में संजय शर्मा, गौतम कुमार दक, झाबर सिंह खर्रा, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी और हीरा लाल नागर को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जबकि ओटाराम देवासी, डॉ. मंजू बाघमार, विजय सिंह चौधरी, केके विश्नोई और जवाहर सिंह बेडम को राज्यमंत्री की शपथ दिलाई। इस तरह कुल 22 मंत्री बनाए गए हैं।

जनता के संत्री बनकर सेवा करेंगे - किरोड़ी लाल मीणा

शपथ ग्रहण समारोह के बाद कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा, ''मैंने मंत्री पद की शपथ ली है, राजस्थान की जनता के संत्री बनकर सेवा करेंगे। हम जनता के बीच रहेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस रखेंगे और महिला सुरक्षा के लिए काम करेंगे। इसके साथ ही सुनिश्चित करेंगे कि कोई पेपर लीक न हो ।''

बता दें कि राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 सीटों पर चुनाव हुआ था। एक सीट पर उम्मीदवार के निधन के चलते चुनाव को बीच में ही स्थागित करना पड़ा था। जिनमें से भाजपा ने 115 सीटें जीतकर बहुमत की सरकार बनाई थी। तो वहीं, कांग्रेस के खाते में कुल 69 सीटें ही आई थीं। इसके बाद पार्टी ने राजस्थान सीएम पद के लिए पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा के नाम की घोषणा कर सभी को चौंका दिया था। उनके अलावा दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को डिप्टी सीएम का बनाया गया था। तीनों ने बीते 15 दिसंबर को अपने पद की शपथ ली थी।

Created On :   30 Dec 2023 12:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story