महाराष्ट्र सियासत: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, दो-चार विधायकों के साथ भाजपा में हो सकते हैं शामिल

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, दो-चार विधायकों के साथ भाजपा में हो सकते हैं शामिल
  • पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा
  • भाजपा में शामिल हो सकते हैं दिग्गज नेता अशोक चव्हाण
  • अशोक चव्हाण के साथ दो-चार कांग्रेस नेता होने की उम्मीद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कुछ ही महीनों बाद देश भर में लोकसभा चुनाव होने वाला है। लेकिन उससे पहले कांग्रेस के कई दिग्गज नेता पार्टी का साथ छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इस बीच अब महाराष्ट्र में भी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

भाजपा का हाथ थामेंगे चव्हाण

कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने वाले दिग्गज नेता अशोक चव्हाण भारतीय जनता पार्टी का हाथ थाम सकते हैं। केवल अशोक चव्हाण ही नहीं बल्कि संभावनाएं हैं कि कांग्रेस के दो-चार और विधायक भी भाजपा में शामिल होने वाले हैं। चव्हाण के साथ मौजूद कांग्रेस विधायकों में पार्टी के नगरसेवक भी शामिल हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि भाजपा अशोक चव्हाण को महाराष्ट्र से राज्यसभा भेज सकती है।

चव्हाण ने क्यों छोड़ी कांग्रेस?

सूत्रों की माने तो अशोक चव्हाण महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले से नाराज चल रहे थे। कांग्रेस पार्टी ने चव्हाण को लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा था। लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की लहर लग रही है। इसके साथ ही चव्हाण नाना पटोले के विधानसभा अध्यक्ष पद छोड़ने से भी नाराज थे। चव्हाण का मानना था कि पटोले की वजह से ही महाराष्ट्र में सरकार गिर गई।

इसके अलावा सूत्रों के मुताबिक, अशोक चव्हाण ने पार्टी हाईकमान से मांग की थी कि मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को उनके पद से हटाकर उन्हें महाराष्ट्र कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाए। लेकिन कांग्रेस ने उनकी इस मांग को पूरा करने से इनकार कर दिया। इसलिए माना जा रहा है कि दिग्गज नेता पार्टी की इसी बात से नाराज होकर पार्टी का साथ छोड़ दिया है।

Created On :   12 Feb 2024 7:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story