लोकसभा चुनाव 2024: 'कर्नाटक में सभी मुस्लिम OBC कोटे में', पीएम मोदी ने कांग्रेस को पिछड़े वर्ग का हक छीनने वाला बताया

कर्नाटक में सभी मुस्लिम OBC कोटे में, पीएम मोदी ने कांग्रेस को पिछड़े वर्ग का हक छीनने वाला बताया
  • पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
  • कांग्रेस पिछड़ा वर्ग का हक छीन रही है- पीएम
  • कर्नाटक में सभी मुस्लिमों को ओबीसी कोटा में डाला- पीएम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मध्य प्रदेश के सागर जिले पहुंचे। जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में MP की पहचान बीमारू राज्य की थी, आज वही MP भाजपा सरकार में विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज कांग्रेस की एक ऐसी सच्चाई देश के सामने आई है, जिसे सुनकर हर देशवासी सन्न हो गया है। हमारा संविधान साफ-साफ मना करता है कि किसी को भी धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। खुद बाबा साहेब अंबेडकर भी धर्म के आधार पर आरक्षण के खिलाफ थे। लेकिन कांग्रेस ने वर्षों पहले धर्म के आधार पर आरक्षण का खतरनाक संकल्प लिया था। वो अपने इस संकल्प को पूरा करने के लिए भांति भांति के हथकंडे अपना रही है।"

पीएम मोदी ने कहा कि 2004 में कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में धर्म के आधार पर आरक्षण दिया और बाबा साहेब अंबेडकर और संविधान की पीठ में छूरा घोंपा था। 2009 के चुनाव में और 2014 के चुनाव में दोनों बार अपने घोषणा पत्र में कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण का वादा किया।

पीएम ने कांग्रेस पर लगाया बड़ा आरोप

प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया है। इसके लिए कांग्रेस ने गैर कानूनी तरीके से एक चालाकी की है। मुस्लिमों की सभी जातियों को OBC कोटा में डाल ​दिया है। ऐसा करके OBC को मिलने वाले बहुत बड़े हक को छीनकर धर्म के आधार पर दे दिया। कांग्रेस यही फॉर्मूला पूरे देश में लागू करना चाहती है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि OBC वर्ग की सबसे बड़ी दुश्मन है कांग्रेस, जिसने OBC से उनका हक छीन लिया है। कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की हत्या की है, संविधान की भावना को ठोकर पहुंचाई है, बाबा साहेब का घोर अपमान किया है।

कांग्रेस आपकी संपत्ति छीनना चाहती है- पीएम

पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस आपकी संपत्ति भी छीनना चाहती है। कांग्रेस कहती है वे एक्स-रे कराना चाहती है और आपके लॉकर में क्या पड़ा है वे खोज कर निकालेंगे। अगर माताओं-बहनों ने थोड़ी पूंजी बचाई होगी और अनाज के डब्बे में रखा होगा तो एक्स-रे करके वे भी निकालेगी। लॉकर में रखे गहने और महिलाओं के मंगलसूत्र भी, कांग्रेस सब खोजने में लगेगी। फिर कहती है हम इसे छीन लेंगे और बांट देंगे। आपसे ये छीन कर कांग्रेस अपने वोट बैंक को देना चाहती है।"

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज कांग्रेस का हिडेन एजेंडा बाहर आया है। आज कांग्रेस ने कहा है कि वह इनहेरिटेंस टैक्स लेगी। मेहनत करके, मुसीबतों को झेल कर जो सं​पत्ति आपने बचाई है, कांग्रेस सरकार बनने के बाद वह आपसे लूट लेगी। कांग्रेस, भारत के सामाजिक मूल्यों और भारत के सामाज की भावनाओं से कितना कट चुकी है। कांग्रेस को पारिवारिक मूल्यों का अंदाजा नहीं रहा है।"

सागर पहुंचे पीएम मोदी ने कहा, "देश के विकास के लिए एक स्थिर और मजबूत सरकार कितनी जरूरी होती है ये मध्यप्रदेश और सागर के लोग बहुत अच्छे से जानते हैं। विकास तब होता है जब सही नीतियां हो, सही विजन हो। इसलिए देश हो या मध्य-प्रदेश विकास तभी आया जब कांग्रेस गई और भाजपा आई।"

Created On :   24 April 2024 12:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story