नए भारत का नया उत्तर प्रदेश: नए उत्तर प्रदेश में शासन नतमस्तक होकर किसानों को सम्मान देता है : मुख्यमंत्री योगी

नए उत्तर प्रदेश में शासन नतमस्तक होकर किसानों को सम्मान देता है : मुख्यमंत्री योगी
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
  • पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती
  • सम्मान दिवस पर लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर शनिवार को किसान सम्मान दिवस के अवसर पर लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है, जहां किसानों का सम्मान होता है। उनके परिश्रम और पुरुषार्थ के सामने शासन नतमस्तक होकर सम्मान देता है। आपका परिश्रम और पुरुषार्थ यूपी को देश की बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में मदद कर रहा है।

सीएम ने किसान मित्र एआई ऐप का शुभारंभ किया। कृषकों, कृषि उद्यमियों, एफपीओ और कृषि वैज्ञानिकों का सम्मान भी किया। कार्यक्रम में लघु फिल्म दिखाई गई। सीएम ने किसानों की यशगाथा विकास यात्रा पुस्तिका का विमोचन भी किया। सीएम ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को दी जा रही सुविधाओं की भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि आपके परिश्रम का परिणाम है कि हमने कृषि विकास की दर को 9 फीसदी तक पहुंचाया है। पीएम के विजन के अनुरूप आने वाले समय में प्रदेश को 2027-28 तक वन ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनाना है तो वर्तमान की विकास दर को इससे तीन गुना रफ्तार से आगे बढ़ाना होगा। चौधरी चरण सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, अच्छे प्रशासक व महान किसान नेता थे। उन्होंने स्नातकोत्तर की पढ़ाई लॉ से की थी, लेकिन किसान व कृषि पृष्ठभूमि के कारण उनकी स्पष्ट राय थी।

उन्होंने कहा कि जब तक किसान गरीब रहेगा, भारत अमीर नहीं हो सकता। ग्रामीण भारत ही असली भारत है। भारत वर्ष की समृद्धि का मार्ग खेत-खलिहान से होकर गुजरता है। जागरूक जनशक्ति ही सबसे बड़े लोकतंत्र का आधार है। चौधरी चरण सिंह ने अनेक कार्यों के जरिए अपने समय में किसानों के जीवन में बदलाव के अभियान को बढ़ाया था। साढ़े नौ वर्ष में हमने बदलते भारत को देखा है।

उन्होंने कहा कि पहली बार अन्नदाता किसानों ने महसूस किया कि वे भी किसी सरकार के प्राथमिक एजेंडे का हिस्सा हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में पीएम किसान फसल बीमा, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, लागत का डेढ़ गुना दाम एमएसपी, पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के जीवन में परिवर्तन किया गया। सिर्फ यूपी में ही 2.61 करोड़ किसानों के खाते में 60 हजार करोड़ से अधिक की राशि पहुंच चुकी है।

उन्होंने कहा कि परिवर्तन व रिफॉर्म करते हुए कृषि को हम लाभकारी बना सकते हैं। इस दिशा में हुए प्रयास यूपी की दृष्टि से 22-23 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की अतिरिक्त सुविधा दी है। गन्ना किसानों को साढ़े छह वर्ष में 2 लाख 25 हजार करोड़ से अधिक की राशि खाते में भेज चुके हैं। धान व गेहूं की सीधी खऱीद और एमएसपी का लाभ डीबीटी के माध्यम से पहली बार मिला। खेती को सही ढंग से करना घाटे का सौदा नहीं बनेगा। सरकार की स्कीम स्वावलंबन का आधार बनती है। श्रीअन्न की दृष्टि से भी कार्यक्रम हुए।

सीएम ने कहा कि अभी हमने एक एप्लीकेशन लॉन्च किया है। अब किसानों की हर जिज्ञासा का जवाब स्मार्ट फोन से प्राप्त हो जाएगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा चल रही है। कुछ समय बाद दो करोड़ ड्रोन दीदी तैयार होनी है। ड्रोन के माध्यम से अब एक घंटे में सौ एकड़ खेती में दवा, खाद, पेस्टिसाइड का छिड़काव हो सकेगा।

आईएएनएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 Dec 2023 8:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story