Operation Sindoor: भारतीय डेलीगेशन में शशि थरूर के शामिल होने पर गरमाई सियासत, बीजेपी सांसद बोले - 'कांग्रेस को इसमें क्या समस्या?'

भारतीय डेलीगेशन में शशि थरूर के शामिल होने पर गरमाई सियासत, बीजेपी सांसद बोले - कांग्रेस को इसमें क्या समस्या?
  • पाकिस्तान की पोल खोलने विदेश जाएगा भारतीय सांसदों का प्रतिनिधिमंडल
  • कांग्रेस सांसद शशि थरूर डेलीगेशन का हिस्सा
  • कांग्रेस ने जताया नाम पर ऐतराज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख बताने के लिए सर्वदलीय सांसदों के 7 डेलिगेशन बनाए हैं। ये सभी दुनिया के बड़े देशों, खासकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के सदस्य देशों का दौरा करेंगे। कांग्रेस सांसद शशि थरूर को भी इसमें शामिल किया गया है जिस पर कांग्रेस का कहना है कि इसके लिए मांगे गए नामों में उसने शशि थरूर का नाम नहीं दिया था। इस पर भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने सवाल किया कि कांग्रेस को इसमें क्या दिक्कत है?

यह समय देश के लिए एकजुट होने का

प्रदीप कुमार सिंह ने कहा, “शशि थरूर फ्रेंच, अंग्रेजी और हिंदी में धाराप्रवाह बोलते हैं। वह एक बेहतरीन वक्ता और वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें विदेश में भारत का पक्ष रखने के लिए भेजना देश के हित में है। यह समय छोटी-छोटी राजनीतिक बातों को छोड़कर राष्ट्र के लिए एकजुट होने का है। भारत ने चार युद्धों में पाकिस्तान को हराया। सन् 1971 में 90,000 पाकिस्तानी सैनिकों ने भारत के सामने आत्मसमर्पण किया था। फिर भी, पाकिस्तान अपनी कायराना हरकतों से बाज नहीं आता। इस प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य वैश्विक मंचों पर यह बताना है कि पाकिस्तान दशकों से भारत में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देता रहा है। दुनिया को यह जानने की जरूरत है कि पाकिस्तान ने दशकों से भारत में किस तरह कायराना आतंकवादी कृत्यों को अंजाम दिया है।

यह 1962 नहीं 2025 का भारत

उन्होंने हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को साफ संदेश दिया है कि आज का भारत 1962 का भारत नहीं है। यह 2025 का भारत है, 140 करोड़ लोगों और नरेंद्र मोदी का भारत है, जो आतंकवादियों को उनके ठिकानों पर जाकर सबक सिखा सकता है। कांग्रेस हर मुद्दे पर राजनीति करती है। उन्हें समझना चाहिए कि ये सांसद भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, न कि किसी पार्टी का। शशि थरूर जैसे पढ़े-लिखे और प्रभावशाली नेता को भेजने का फैसला स्वागत योग्य है।”

पाकिस्तान का अंत नजदीक

प्रदीप सिंह ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई अब और मजबूत हो चुकी है। पाकिस्तान को चेतावनी दी गई है कि अगर उसने फिर से निहत्थे लोगों पर हमला किया, तो इसे युद्ध माना जाएगा। उसका अंत अब नजदीक है। भारत अब आतंकवाद के खिलाफ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा।

Created On :   18 May 2025 1:52 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story