बिहार विधानसभा चुनाव 2025: जानिए पिछले चुनाव में मुंगेर डिवीजन का सियासी समीकरण

डिजिटल डेस्क, पटना। 243 विधानसभा सीट वाले बिहार में पहले चरण की कुल 18 जिलों के 121 सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। बिहार में पहले चरण का प्रचार मंगलवार को खत्म हो गया। मुंगेर प्रमंडल में 6 जिले खगड़िया, जमुई, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय शामिल हैं। मुंगेर के इन छह जिलों में कुल 22 सीटें आती हैं। सबसे ज्यादा 7 सीटें बेगूसराय में हैं। इसके बाद चार-चार सीटें खगड़िया और जमुई में, तीन सीटें मुंगेर में, दो-दो सीटें लखीसराय और शेखपुरा जिले में हैं।
2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार में दो चरणों में होना है,पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को संपन्न हुई वहीं दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी, नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। 17 नवंबर को पहले चरण के नामांकन की आखिरी तारीख रही जबकि दूसरे चरण के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर रही।
मुंगेर संभाग में 2020 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी , जेडीयू और आरजेडी तीनों ही प्रमुख दलों को 5-5 सीटें मिली थीं। वहीं, कांग्रेस और भाकपा को दो-दो सीटें मिलीं थीं। वहीं, एक-एक सीट पर लोजपा, हम और निर्दलीय के खाते में गई थी। गठबंधनों की बात करें तो एनडीए ने मुंगेर प्रमंडल की 11 सीटें जीती थीं। इस गठबंधन से सीट जीते वाले दलों में जेडीयू, बीजेपी और हम शामिल थे। महागठबंधन 9 सीटें जीतने में सफल रहा था। इस गठबंधन में आरजेडी , कांग्रेस और भाकपा शामिल थे। जमुई जिले की चकाई सीट से जीतने वाले निर्दलीय सुमित कुमार सिंह ने एनडीए सरकार का समर्थन किया था।
2020 के विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच में था। 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने 125 सीटें जीतीं थीं। इनमें सबसे ज्यादा 74 सीटें बीजेपी के खाते में गई थीं। जेडीयू को 43, वीआईपी और हम को 4-4 सीट पर सफलता मिली थी। राज्य की 110 सीटें महागठबंधन के खाते में गई थीं। 75 सीटें जीतकर आरजेडी राज्य की सबसे बड़ा दल बना था। इसके साथ ही कांग्रेस को 19, वामदलों को 16 सीट पर जीत मिली थी। इनमें 12 सीटें भाकपा (माले) और दो-दो सीटें भाकपा और माकपा के खाते में गईं थी। अन्य दलों की बात करें तो एआईएमआईएम ने पांच, बसपा, लोजपा और निर्दलीय को एक-एक सीट पर जीत मिली थी।
Created On :   7 Nov 2025 4:00 PM IST












