लोकसभा चुनाव 2024: चुनावी मैदान में एक बार फिर उतरेंगे कन्हैया कुमार, दिल्ली की इस सीट पर मनोज तिवारी को देंगे टक्कर!

चुनावी मैदान में एक बार फिर उतरेंगे कन्हैया कुमार, दिल्ली की इस सीट पर मनोज तिवारी को देंगे टक्कर!
  • दिल्ली की इस सीट से चुनाव लड़ेंगे कन्हैया कुमार!
  • कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हो सकता है फैसला
  • बीजेपी सांसद मनोज तिवारी से हो सकती है टक्कर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी दल इस चुनावी महासमर में जीत हासिल करने के लिए जोरदार तैयारी कर रहे हैं। इस बीच खबर आ रही है कि कांग्रेस पार्टी अपने युवा नेता कन्हैया कुमार को चुनाव में उतार सकती है। इस बार वो बिहार नहीं बल्कि दिल्ली की उत्तर-पूर्वी सीट से प्रत्याशी बनेंगे। एबीपी न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कन्हैया के नाम पर अंतिम मुहर आज दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लग सकती है।

मनोज तिवारी से होगी टक्कर

यदि कन्हैया को दिल्ली की उत्तर-पूर्वी सीट से टिकट मिल जाता है तो उनका मुकाबला बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी से होगा। बता दें कि मनोज तिवारी बीते दो लोकसभा चुनाव से इस सीट पर जीत दर्ज कर चुके हैं। बीजेपी ने उन्हें तीसरी बार इस सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।

लेफ्ट के टिकट पर लड़ा था पहला चुनाव

साल 2019 के लोकसभा चुनाव में लेफ्ट के टिकट पर कन्हैया ने बिहार की बेगुसराय सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि इस सीट पर उन्हें केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता गिरिराज सिंह से बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद कन्हैया साल 2021 में लेफ्ट छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। सितंबर 2015 में जेएनयू में छात्रसंध के अध्यक्ष बने कन्हैया अपने भाषणों की वजह से उस दौरान चर्चा में रहे थे।

बता दें कि दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। सीटों के समझौते के तहत कांग्रेस तीन जबकि आप 4 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हालांकि कांग्रेस ने अभी तक अपने तीनों की प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। कहा जा रहा है कि आज होने वाली पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में तीनों प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लग सकती है।

Created On :   5 April 2024 1:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story