Vizhinjam International Port Inauguration: PM मोदी ने CM विजयन और शशि थरूर के सामने विपक्ष की ली चुटकी, कहा - 'कई लोगों की नींद उड़ा देगा आज का इवेंट'

- केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंचे पीएम मोदी
- विजिनजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का किया उद्घाटन
- कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर जमकर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विजिनजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज का ये इवेंट कई लोगों की नींद हराम कर देगा। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ-साथ मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी शामिल हुए। पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान गौतम अडाणी का भी जिक्र किया।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर कसा तंज
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "यहां सीएम विजयन भी बैठे हैं, ये तो इंडिया गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं। शशि थरूर बैठे हैं। आज का ये इवेंट कई लोगों की नींद हराम कर देगा। जहां मैसेज जाना था चला गया है।" उन्होंने कहा, "आज भगवान आदि शंकराचार्य जी की जयंती है। तीन वर्ष पूर्व सितंबर में मुझे उनके जन्मभूमि क्षेत्र में जाने का सौभाग्य मिला था। केरल से निकलकर देश के अलग-अलग कोनों में मठों की स्थापना करके आदि शंकराचार्य जी ने राष्ट्र की चेतना को जागृत किया। मैं उन्हें नमन करता हूं।"
इस दौरान पीएम मोदी ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा। उन्होंने अडानी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी को लेकर कहा, "यहां गौतम अदाणी भी मौजूद थे। अडाणी ने जितना अच्छा पोर्ट यहां बनाया है उतना अच्छा पोर्ट तो गुजरात में भी नहीं बनाया था।"
8800 करोड़ रुपए की लागत से बना पोर्ट
बता दें, विजिनजम पोर्ट को करीब 8800 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है। भविष्य में इसकी ट्रांसशिपमेंट हब क्षमता तीन गुना बढ़ जाएगी। इसे बड़े कार्गो जहाजों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। पीएम मोदी ने कहा, "अब तक भारत की 75% ट्रांसशिपमेंट गतिविधियाँ विदेशी बंदरगाहों पर होती थीं, जिसके परिणामस्वरूप देश को काफी राजस्व नुकसान होता था। हालांकि, अब यह स्थिति बदलने वाली है। पहले विदेशों में खर्च होने वाला धन अब घरेलू विकास में लगाया जाएगा, जिससे विजिनजम और केरल के लोगों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा होंगे।"
Created On :   2 May 2025 3:29 PM IST