लोकसभा चुनाव 2024: कांग्रेस नेताओं को खड़गे ने दी नसीहत, लोकसभा चुनाव जीतना हैं तो भुलाने होंगे आपसी मतभेद

कांग्रेस नेताओं को खड़गे ने दी नसीहत, लोकसभा चुनाव जीतना हैं तो भुलाने होंगे आपसी मतभेद
  • आंतरिक विवादों को सार्वजनिक करने से बचे
  • उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया पर चर्चा
  • बीजेपी पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। देश में कुछ महीनों बाद लोकसभा चुनाव होने है। हर राजनैतिक दल आम चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों शोरों से कर रहे है। लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने की बात कही। उन्होंने पार्टी के आंतरिक विवादों को सार्वजनिक न करने की भी नसीहत दी। बीते दिन गुरुवार को कांग्रेस की उच्च स्तरीय बैठक हुई। जिसमें मल्लिकार्जुन खड़गे ,राहुल गांधी समेत कांग्रेस पार्टी के सभी महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों और राज्यों में कांग्रेस विधानसभा दल के नेता शामिल हुए थे। कांग्रेस की बैठक में घोषणापत्र और सीट बंटवारे से लेकर, लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की रणनीति, उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

खड़गे ने मीटिंग में नेताओं से अपने मतभेद दूर करने, आंतरिक मुद्दों को मीडिया में न उठाने और एक टीम के रूप में काम करने को कहा। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर भी निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी की केंद्र सरकार 10 साल की अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भावनात्मक मुद्दों को उठा रही है। बीजेपी के नेता हर मुद्दे में जानबूझकर कांग्रेस को शामिल करते हैं। हमें एकजुट होकर लोगों के सामने जमीनी मुद्दों पर बीजेपी के झूठ, फरेब और गलत बातों का मुंहतोड़ जवाब देना होगा।

खड़गे ने मीटिंग में शामिल नेताओं से कहा कि आप सभी पार्टी के आंख और कान हैं। अगले तीन महीने ही हमारे पास हैं, आप जानते हैं कि हमें जो कुछ करना है, वो इन्हीं तीन महीनों में करना है। हमें पार्टी के लिए रात-दिन एक करके जी जान से जुटे रहना है।

बैठक में सबसे अहम विषय 14 जनवरी से राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा रहीं। बैठक में ही भारत न्याय यात्रा में पिछली बार दक्षिण से उत्तर तक निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा से जोड़ो शब्द को जोड़ा गया।आपको बता दें राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से 110 जिले, करीब 100 लोकसभा सीटें और 337 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएंगा। जनता को साधने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा 66 दिन में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान कांग्रेस इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं को भी यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेगी।

Created On :   5 Jan 2024 4:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story