अंग्रेजों की तरह बरसाई गई लाठियां, विरोधियों को कुचलने की साजिश : नित्यानंद राय

अंग्रेजों की तरह बरसाई गई लाठियां, विरोधियों को कुचलने की साजिश  : नित्यानंद राय

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नीतीश-तेजस्वी महागठबंधन सरकार पर अंग्रेजों की तरह भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं पर लाठियां बरसाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बिहार में जंगलराल-3 आ गया है। उन्होंने लाठीचार्ज में भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की हत्या करने का आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि सबूतों को मिटाने की साजिश की जा रही है। भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए नित्यानंद राय ने पटना में शुक्रवार को किए गए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा ने बिहार के किसानों, शिक्षकों, मजदूरों और महिलाओं के हक के लिए बड़ी आहूति दी है।

उन्होंने कहा कि गुरुवार को पटना में एक बहुत ही दुखद घटना घटी है, ​जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर प्रदेश के शिक्षक अभ्यर्थियों और किसानों के हक में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा शांति मार्च किया जा रहा था। लेकिन भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर दिया गया जिसमें जहानाबाद जिले के भाजपा महासचिव विजय कुमार सिंह की हत्या कर दी गई। उन्होंने इस मामले में सबूतों को मिटाने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए बिहार सरकार से इस्तीफा देने की मांग भी की। उन्होंने विजय कुमार सिंह के परिवार को मुआवजा देने की भी मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर आजादी की लड़ाई के दौरान अंग्रेजों की तरह लाठियां बरसाई गईं, जनरल डायर की तरह व्यवहार किया गया। बिहार में जंगलराज - 3 आ गया है और बिहार में हुआ यह बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज आजाद भारत में क्रूर निरंकुशता और तानाशाही के रूप में याद किया जाएगा।

आपातकाल के दौर को याद करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस लोकतंत्र की हत्या कर रही थी और लोकतंत्र को बचाने के लिए लोग संघर्ष कर रहे थे, तब सरकार ने जिस प्रकार से बर्बरतापूर्ण लाठियां चलवाई थीं, उसी प्रकार से कल बिहार में जनता के हक में आवाज उठाने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलाई गईं। अंग्रेजों, कांग्रेस और ममता सरकार की तरह बिहार की जनता के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोका गया। लेकिन नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव लाठी से बिहार की जनता को नहीं रोक सकते। आज बिहार में काला दिवस मनाया जा रहा है।

बिहार की महागठबंधन सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए राय ने कहा कि शिक्षकों पर लाठी चार्ज, छात्रों पर लाठी चार्ज, महिलाओं पर लाठी चार्ज, यह दर्शाता है कि बिहार की नीतीश कुमार और तेजस्वी सरकार अंग्रेजों की तरह अपने विरोधियों को कुचलने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना पर गृह मंत्रालय संज्ञान लेता है और राज्यों को सलाह भी देता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 July 2023 7:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story