मानहानि मामला: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी चाईबासा के लिए रवाना हुए, कथित आपत्तिजनक टिप्पणी केस में कोर्ट में होनी है पेशी

- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला
- दर्ज मानहानि मामले में चाईबासा स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत में पेशी
- मानहानि का मामला 2018 का है
डिजिटल डेस्क, रांची। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी चाईबासा के लिए रवाना हुए। 2018 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ दर्ज मानहानि के एक मामले में चाईबासा स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत में पेश होंगे। राहुल गांधी के आगमन से पहले चाईबासा में सुरक्षा बढ़ाई गई।
आपको बता दें प्रताप कुमार ने 2018 में चाईबासा में आयोजित एक रैली में बीजेपी नेताओं के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक बयान देने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया था। कुमार ने चाईबासा में मजिस्ट्रेट की अदालत में दायर अपनी याचिका में कहा था कि गांधी के बयान मानहानिकारक थे, और जानबूझकर शाह की छवि खराब करने के लिए दिए गए थे।
राहुल गांधी ने दो जून को झारखंड हाईकोर्ट में स्पेशल कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें 26 जून को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया था। राहुल गांधी के एडवोकेट ने 10 जून को उच्च न्यायालय को सूचित किया था कि उनके मुवक्किल निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाएंगे। इसके बजाय उन्होंने 6 अगस्त की तारीख मांगी थी। हाईकोर्ट ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया था।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने मंगलवार को झारखंड में थे। जो रामगढ़ जिले के उनके पैतृक गांव नेमरा में हुआ। राहुल गांधी मंगलवार रात को रांची में ही रूके। इसके बाद वह रांची लौटकर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
Created On :   6 Aug 2025 10:31 AM IST