विधानसभा चुनाव सर्वे: MP में 'मामा', छत्तीसगढ़ में 'कका' या फिर राजस्थान में चलेगा गहलोत का 'जादू'? सर्वे में जनता ने रखीं अपनी राय

MP में मामा, छत्तीसगढ़ में कका या फिर राजस्थान में चलेगा गहलोत का जादू? सर्वे में जनता ने रखीं अपनी राय
  • राजस्थान में कांग्रेस की सरकार रपीट होने का अनुमान
  • एमपी में बीजेपी एक बार फिर बना सकती है सरकार
  • छत्तसीगढ़ में एक बार फिर सत्ता से दूर रहेगी बीजेपी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में करीब दो माह बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन राज्यों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। लोकसभा चुनाव पहले बीजेपी और कांग्रेस के लिए इन राज्यों के विधानसभा चुनाव काफी महत्वपूर्ण हैं। वर्तमान में मध्य प्रदेश में बीजेपी तो राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। हाल ही में बीजेपी ने एमपी और छत्तीसगढ़ के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इसके बाद इन तीनों राज्यों में चुनावी चहलकदमियां बढ़ गईं। इस बीच इन राज्यों में जनता का मिजाज जानने के लिए आईएएनएस-पोलस्ट्रैट ने एक सर्वे किया है। सर्वे में जानने की कोशिश की गई कि आगामी विधानसभा चुनाव में किसकी सरकार बन सकती है।

एक बार फिर एमपी होगा भगवामय

आईएएनएस-पोलस्ट्रैट के मुताबिक, मध्य प्रदेश में वोट शेयर के मामले में भाजपा को जहां 42 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है, वहीं कांग्रेस को 40 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। सर्वे के मुताबिक, 230 विधानसभा सीटें वाले एमपी में बीजेपी 116 से 124 सीटें जीत सकती है। वहीं, कांग्रेस के खाते में 108 सीटें जाती हुई दिखाई दे रही है। राज्य में सरकार बनाने के लिए 116 सीटों की जरुरत है।

39.9 प्रतिशत रेटिंग के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सबसे लोकप्रिय सीएम उम्मीदवार हैं, कांग्रेस नेता कमल नाथ 35.5 प्रतिशत लोगों की मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद हैं। राज्य के 50.7 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी, 11.8 प्रतिशत लोगों ने बिजली, ऊर्जा, सड़क और 13.8 प्रतिशत लोगों ने किसानों के मुद्दे को चुनावी मुद्दा बताया है। आईएएनएस-पोलस्ट्रैट ने इस सर्वे में एमपी के 7,883 लोगों को शामिल किया था।

राजस्थान में चलेगा गहलोत का जादू

आईएएनएस-पोलस्ट्रैट ने कांग्रेस शासित प्रदेश राजस्थान के सियासी माहौल जानने के लिए 6,705 लोगों के साथ सर्वे किया। सर्वे में आए आंकड़ों के मुताबिक, 200 विधानसभा सीटों वाले राजस्थान में कांग्रेस 97-105 सीटों के साथ सत्ता बरकरार रखेगी। वहीं राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी के खाते में केवल 89 से 97 सीटों जा सकती है। राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को कुल 101 सीटों पर जीत हासिल करना होगा।

सर्वे में शामिल 37.9 प्रतिशत लोगों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सबसे लोकप्रिय सीएम उम्मीदवार बताया हैं, वहीं बीजेपी से वसुंधरा राजे 25.5 फीसदी और कांग्रेस के सचिन पायलट 25.4 फीसदी लोगों ने सीएम के लिए बेहतर उम्मीदवार बताया हैं। इसके अलावा 47.8 प्रतिशत लोगों ने गहलोत के काम को अच्छा बताया।

छत्तीसगढ़ में जनता ने 'कका' पर जताया भरोसा

छत्तीसगढ़ विस चुनाव का मिजाज जानने के लिए आईएएनएस-पोलस्ट्रैट ने राज्य के 3,672 लोगों को सर्वे में शामिल किया। सर्वे में शामिल ज्यादातर लोगों ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (कका) के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कांग्रेस की वापसी हो रही है। सर्वे के मुताबिक, राज्य में कांग्रेस को 90 में से 62 सीटें मिल सकती है। वहीं, बीजेपी केवल 27 सीटों मिलने का अनुमान है।

सर्वे में शामिल 60 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए सीएम बघेल को बेहतर नेता बताया है। वहीं इस मामले में बीजेपी नेता रमन सिंह को 34 फीसदी लोगों ने अपना समर्थन दिया है।

पिछले चुनाव में यहां पर कांग्रेस ने 71 सीटें जीती थी। ऐसे में सर्वे के आंकड़ें सही साबित होते हैं तो यहां पर एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बन सकती है।

Created On :   15 Sep 2023 1:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story