पूर्वोत्तर दौरे पर पीएम: मिजोरम में पीएम मोदी ने विकास की कई परियोजनाओं की दी सौगात, लोगों से भी किया संवाद

मिजोरम में पीएम मोदी ने विकास की कई परियोजनाओं की दी सौगात, लोगों से भी किया संवाद
  • बैराबी-साइरांग रेलवे लाइन- कनेक्टिविटी की नई क्रांति
  • नई ट्रेन सेवाएँ और पर्यटन को बढ़ावा
  • मिजोरम के युवाओं के लिए मोदी सरकार ने खेल और शिक्षा क्षेत्र में भी निवेश किया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मिजोरम दौरा 13 सितंबर 2025 को ऐतिहासिक बन गया। यह दौरा केवल एक राजनीतिक या औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि विकास की गहरी दृष्टि और “पूर्वोत्तर भारत” को देश की मुख्यधारा से और मजबूती से जोड़ने का प्रतीक बन गया है। प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान मिजोरम की राजधानी आइजोल और आसपास के क्षेत्रों में हज़ारों करोड़ की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सबसे प्रमुख है बैराबी-साइरांग रेलवे लाइन, जिसकी लागत लगभग 8,000 करोड़ रुपये से अधिक है। इस रेलवे लाइन ने पहली बार मिजोरम को भारतीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ दिया।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में मिजोरम की जनता से दिल से माफी भी मांगी, क्योंकि उनका दौरा पहले कई बार स्थगित हुआ था। उन्होंने कहा कि मिजोरम और पूर्वोत्तर भारत उनके दिल के बेहद करीब है और वह चाहते हैं कि यहां की जनता देश की विकास यात्रा में बराबरी से शामिल हो। प्रधानमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब वह समय चला गया, जब पूर्वोत्तर को उपेक्षित क्षेत्र माना जाता था। आज यह क्षेत्र देश की प्रगति का “गेटवे” बन रहा है।

1.बैराबी-साइरांग रेलवे लाइन: कनेक्टिविटी की नई क्रांति

51 किलोमीटर की बैराबी-साइरांग रेलवे लाइन ने राजधानी आइजोल को सीधे दिल्ली से रेलवे नेटवर्क से जोड़ दिया। अब तक मिजोरम के लोगों को केवल सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन इस लाइन के पूरा होने से यात्रा का समय, लागत और जोखिम तीनों कम हो गए हैं। इस प्रोजेक्ट में इंजीनियरिंग की कई चुनौतियाँ थीं—45 सुरंगें, 55 बड़े पुल और 88 छोटे पुल बनाए गए हैं। इतना ही नहीं, यह प्रोजेक्ट पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है ताकि पहाड़ों की प्राकृतिक खूबसूरती बरकरार रहे।

2.नई ट्रेन सेवाएँ और पर्यटन को बढ़ावा

रेलवे लाइन के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी ने कई नई ट्रेन सेवाओं का भी शुभारंभ किया। इनमें आइजोल-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस आइजोल-कोलकाता और आइजॉल-गुवाहाटी जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इन सेवाओं से मिजोरम के लोगों के लिए देश के बड़े शहरों तक पहुंचना आसान और सस्ता हो जाएगा। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि अब देश-दुनिया के यात्री मिजोरम की हरियाली, पहाड़ी संस्कृति और पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंच पाएंगे। रेलवे और पर्यटन का यह मेल राज्य की अर्थव्यवस्था को नई उड़ान देने वाला साबित होगा।

3.सड़क और इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएँ

प्रधानमंत्री मोदी ने मिजोरम को रेलवे के साथ साथ सड़क परियोजनाओं की भी सौगात दी। इनमें आइजोल बायपास रोड, थेंजावल-सिआल्सुक रोड और खांकावन-रोंगुरा रोड जैसी योजनाएँ शामिल हैं। इन परियोजनाओं से दूरस्थ गाँवों और कस्बों तक संपर्क बेहतर होगा और व्यापार-व्यवसाय को नई दिशा मिलेगी। मोदी ने कहा कि मिजोरम की भौगोलिक चुनौतियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने विशेष योजना बनाई है, ताकि यहां का कोई भी इलाका विकास की रोशनी से वंचित न रहे।

4.ऊर्जा और स्वच्छ ईधन की सुविधा

ऊर्जा क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री ने कई योजनाओं का उद्घाटन किया। मुआलखांग में एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की स्थापना की गई है, जिससे राज्य में स्वच्छ ईधन की उपलब्धता बढ़ेगी। अब मिजोरम के लोगों को सिलेंडर आसानी से और समय पर मिल सकेगा। इससे घरेलू जीवन में सुविधा होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। मोदी ने कहा कि ऊर्जा और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना उनकी सरकार की प्राथमिकता है और पूर्वोत्तर इस दिशा में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

5.खेल और शिक्षा पर फोकस

मिजोरम के युवाओं के लिए मोदी सरकार ने खेल और शिक्षा क्षेत्र में भी निवेश किया है। खेलो इंडिया मल्टीपर्पज इंडोर हॉल जैसी सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं, ताकि युवाओं को अपने टैलेंट को दिखाने के लिए आधुनिक मंच मिल सके। इसके अलावा उच्च शिक्षा के लिए भी नए कॉलेज और व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। मोदी ने कहा कि मिजोरम के युवा पूरे देश और दुनिया में अपनी पहचान बना रहे है, और सरकार उनका हर संभव सहयोग करेगी।

Created On :   13 Sept 2025 3:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story