कांग्रेस को फिर झटका: नपा उपाध्यक्ष डॉली डागौर ने तीन अन्य महिला पार्षदों के साथ थामा भाजपा का दामन, सिवनी से कटनी जाकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष भाजपा में हुईं शामिल

नपा उपाध्यक्ष डॉली डागौर ने तीन अन्य महिला पार्षदों के साथ थामा भाजपा का दामन, सिवनी से कटनी जाकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष भाजपा में हुईं शामिल
  • मध्यप्रदेश में नहीं थम रहा कांग्रेस नेताओं का बीजेपी में शामिल होने का सिलसिला
  • सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष समेत अन्य महिला पार्षदों ने थामा बीजेपी का साथ
  • एमपी बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिलाई सदस्यता

डिजिटल डेस्क, सिवनी। विधानसभा चुनाव के पहले से जारी कांग्रेस की अंदरूनी घमासान थमने का नाम नहीं ले रही है। नगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रहे पूर्व नपा उपाध्यक्ष संतोष नानू पंजवानी व उनके भतीजे युवक कांग्रेस अध्यक्ष रहे आनंद पंजवानी द्वारा दो सौ समर्थकों के साथ भाजपा ज्वाइन किए जाने के 12 दिन बाद ही कांग्रेस को फिर झटका लगा है। बुधवार को सिवनी नगर पालिका उपाध्यक्ष डॉली अमित डागौर, तीन महिला पार्षद व अन्य भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने के फैसले के पीछे वहीं कारण सामने आया है, जिसके चलते नानू व आनंद ने कांग्रेस छोड़ी थी। विधानसभा चुनाव के द्वारा सिवनी से प्रत्याशी रहे आनंद पंजवानी ने राजा बघेल पर पार्टी विरोधी कृत्य किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदेश संगठन से शिकायत की थी। शिकायत पर बघेल को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, लेकिन पिछले माह बघेल को बहाल कर सीधी का लोकसभा प्रभारी बना दिए जाने के बाद से नानू खेमा व उनके समर्थक नाराज हो गए थे।

कटनी ले गए जिलाध्यक्ष

सभी ने बुधवार को कटनी में भाजपा ज्वाइन की। जानकारी के अनुसार भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे, नानू पंजवानी, रमाकांत राय, आनंद पंजवानी, राजू सेन के साथ भाजपा में शामिल होने सिवनी से कटनी पहुंचे। कटनी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कांग्रेस की नपा उपाध्यक्ष श्रीमती डॉली डागौर, कांग्रेस पार्षद श्रीमती जीतू तरूण श्रीवास, कांग्रेस पार्षद श्रीमति राजश्री संदेश बास्सा, निर्दलीय पार्षद श्रीमति प्रभा मोंटू दुबे, अमित डागोर जी, मोंटू दुबे, संदेश बास्सा पूर्व मण्डलम अध्यक्ष, दीपेन्द्र पटेल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।

15 निष्कासित को कांग्रेस ने लिया वापस

विधानसभा चुनाव व उससे पूर्व पार्टी विरोधी कृत्यों के चलते कांग्रेस से निष्कासित 15 पूर्व पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं को कांगे्रस ने पार्टी में वापस ले लिया है। मंगलवार को ही इन्हें वापस लेने के लिए पूर्व विधायक अर्जुन सिंह काकोडिय़ा ने जिलाध्यक्ष राजकुमार खुराना को पत्र लिखा था। पत्र मिलने के बाद यहां मंथन ही चल रहा था और शाम को मप्र कांग्रेस कमेटी भोपाल से उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने निष्कासन समाप्ति का आदेश जारी कर दिया। इनमें बरघाट ब्लाक के अनिल सिंह ठाकुर, संध्या ठाकुर, ऋषभ जायसवाल, निधि जायसवाल, अभिलाष गोलू मालवीय, दुपेन्द्र अमूले, विनोद वासनिक, रंजीत वासनिक, विदेश काकोडिय़ा व तिरथ बट्टी तथा कुरई ब्लॉक के मोहन चंदेल, गौतम मिश्रा, राजकुमार डेहरवाल, बलराम रघुवंशी पटेल व सुंदर रघुवंशी पटेल शामिल हैं।

Created On :   10 April 2024 6:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story