बीजेपी नेता वसुंधरा राजे ने गहलोत सरकार को घेरा, कहा- राजस्थान का प्रत्येक नागरिक हो जाएगा इतने रूपए का कर्जदार, कांग्रेस ने किया पलटवार

बीजेपी नेता वसुंधरा राजे ने गहलोत सरकार को घेरा, कहा- राजस्थान का प्रत्येक नागरिक हो जाएगा इतने रूपए का कर्जदार, कांग्रेस ने किया  पलटवार
बीजेपी-कांग्रेस के बीच जुबानी जंग बीजेपी नेता वसुंधरा राजे ने गहलोत सरकार को घेरा, कहा- राजस्थान का प्रत्येक नागरिक हो जाएगा इतने रूपए का कर्जदार, कांग्रेस ने किया पलटवार

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार चार साल पूरे होने पर जश्न मना रही है तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी नेता वसुंधरा राजे ने गहलोत सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार का कार्यकाल पूरा होने तक प्रदेश का हर व्यक्ति 87 हजार रूपए कर्जदार हो जाएगा। वसुंधरा राजे के इस आरोप के बाद दोनों पार्टियों की ओर से जुबानी जंग शुरू हो गई है। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि कर्ज राजे सरकार की तरफ से लिया गया था, जिसका यह नतीजा है। कांग्रेस सरकार में नियमों के मुताबिक जनहित के लिए कर्ज लिया गया है। उधर बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर जनता से छल करने का आरोप लगाया है।

विकास का रहा अकाल

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के चार सालों में विकास का अकाल रहा। सरकार विकास व जनता की सेवा का फर्ज भूल गई है, उन्होंने कहा कि सरकार का कार्यकाल खत्म होने तक प्रदेश का प्रत्येक व्यक्ति 87 हजार रूपए का कर्जदार हो जाएगा। जो राजस्थान के इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा कर्ज है। राजे कांग्रेस पर जमकर बरसीं और कहा कि लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसते रहे, जबकि सरकार में बैठे लोग कुर्सी के लिए लड़ाई कर रहे हैं। हालांकि, वसुंधरा राजे यह आरोप पहले भी लगा चुकी हैं। राजे ने आगे कहा कि राजस्थान सरकार की चार साल में प्रगति तो हुई है लेकिन वह भ्रष्ट्राचार, महिला व दलित उत्पीड़न, गैंगवार, गैंग रेप व बेरोजगारी के मामले में हुई। बीजेपी के इस आरोप के बाद कांग्रेस ने भी पलटवार किया है।

किसानों को नहीं मिली राहत

बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड का कर्ज माफ नहीं हुआ, बल्कि उन्हें परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस ने कर्ज माफ करने का वादा किया था लेकिन वह भी पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने आगे कहा कि किसान का कर्ज अलग है, उससे ज्यादा तो आम जनता का कर्ज बढ़ रहा है। सरकार अपना कोई भी वादा ठीक से निभा नहीं रही है बल्कि झूठ व बहाने बना रही है। 

कर्ज को लेकर जुबानी जंग

एक तरफ जहां बीजेपी कर्ज को लेकर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रही है, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस बीजेपी पर आरोप लगा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी का कहना है कि 1.5 लाख करोड़ से साढ़े तीन लाख करोड़ का जो कर्ज राजस्थान पर बढ़ा था, वह वसुंधरा राजे के कार्यकाल में हुआ था। स्वर्णिम ने आगे कहा कि वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों पर कार्य कर रही है। कोरोना काल में लोगों में जो समस्याएं आई हैं, उसको दूर करने के लिए सरकार ने कर्ज लिया गया है। मौजूदा सरकार लोगों को कर्ज नहीं बल्कि राहत देने का काम कर रही है।

Created On :   17 Dec 2022 1:24 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story