बयान : सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- प्रियंका गांधी को भेजा जाए राज्यसभा

बयान : सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- प्रियंका गांधी को भेजा जाए राज्यसभा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कमलनाथ सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को राज्यसभा में भेजे जाने की मांग की है। कांग्रेस के 18 सांसद राज्यसभा से रिटायर हो रहे हैं लेकिन कांग्रेस महज 9 लोगों को ही राज्यसभा भेज सकती है। मध्यप्रदेश की बात की जाए तो इस साल राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रही हैं। कांग्रेस से दिग्विजय सिंह और बीजेपी की ओर से प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया का राज्यसभा का कार्यकाल इस साल पूरा हो रहा है।

क्या कहा वर्मा ने?
वर्मा ने ट्वीट कर कहा कि 'इंदिरा गांधी जी अनुसूचित जाति जनजाति एवं महिला वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध थी उन्हीं के पद चिन्हों पर प्रियंका जी चल रही हैं। जिस तरह इंदिरा जी कमलनाथ जी को मध्यप्रदेश लाई थी उसी तरह अब प्रियंका जी को प्रदेश से राज्यसभा में लाने का वक्त आ गया है। इस ट्वीट में सज्जन सिंह वर्मा ने प्रियंका गांधी के भाई और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भी टैग किया।

अरुण यादव ने भी की थी प्रियंका की वकालत
इससे पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव, कैबिनेट मंत्री पीसी शर्मा और जयवर्धन सिंह ने भी प्रियंका गांधी को राज्यसभा भेजे जाने की वकालत की थी। अरुण यादव ने ट्वीट कर कहा था, 'समय आ गया है कि माननीय राहुल गांधी जी को एक बार पुनः पार्टी की कमान सौंपी जाए,यह भी सामयिक होगा कि आदरणीया प्रियंका गांधी जी को मप्र से राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जाए ताकि फासीवादी विचारधारा के ख़िलाफ़ जमीनी संघर्ष की धार को और अधिक तीखा किया जा सके।

मप्र से राज्यसभा की तीन सीटें हो रही खाली
9 अप्रैल को राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, बीजेपी से सत्यनारायण जटिया और प्रभात झा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। दिग्विजय सिंह एक सीट के लिए स्वाभाविक दावेदार माने जा रहे हैं क्योंकि प्रदेश में कांग्रेस के 15 साल बाद सत्ता में वापसी में उनका भी बड़ा योगदान है। वहीं ज्यातिरादित्य सिंधिया भी रेस में हैं लेकिन उनकी दावेदारी दिग्विजय सिंह जैसी मजबूत नहीं है।

इन राज्यों के सीएम ने भी प्रियंका को राज्यसभा भेजने की मांग
राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों ने भी प्रियंका गांधी को राज्यसभा सीट देने की पेशकश की है। इन राज्यों की राज्यसभा में 3 सीटें खाली होने जा रही हैं। हालांकि प्रियंका ने इस पेशकश पर अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। ऐसे में अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या प्रियंका गांधी आने वाले समय में राज्यसभा सांसद के पद पर दिखाई देती है या नहीं? 

Created On :   17 Feb 2020 1:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story