गैंगरेप केस: राहुल और प्रियंका गांधी समेत पांच लोगों को हाथरस जाने की मिली इजाजत, पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात

गैंगरेप केस: राहुल और प्रियंका गांधी समेत पांच लोगों को हाथरस जाने की मिली इजाजत, पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के हाथरस (Hathras) में हुए गैंगरेप के मामले को लेकर सियासी घमासान जारी है। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज शनिवार को फिर पार्टी सांसदों के एक दल के साथ पीड़िता के परिवार से मिलने हाथरस जा रहे हैं। राहुल गांधी दिल्ली से रवाना हुए। प्रियंका गांधी खुद कार चला रही हैं।

 डीएनडी पर आज फिर कांग्रेस नेताओं का काफिला रोका गया, लेकिन फिर राहुल और प्रियंका को पांच लोगों के साथ हाथरस जाने की इजाजत दे दी गई।

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में हाथरस जा रहे हैं। राहुल गांधी मृतक लड़की के परिजनों से मुलाकात करेंगे। जानकारी के मुताबिक 35 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ राहुल और प्रियंका गांधी हाथरस के लिए निकले।

नोएडा: दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट (DND) फ्लाईवे के टोल प्लाज़ा पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ाई गई।

कोई ताकत मुझे रोक नहीं सकती- राहुल
हाथरस के लिए रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, दुनिया की कोई भी ताकत मुझे हाथरस के दुखी परिवार से मिलकर उनका दर्द बांटने से नहीं रोक सकती। बता दें कि, दो दिन पहले यानी गुरुवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हाथरस जाने की कोशिश की थी, लेकिन यूपी पुलिस ने रास्ते में ही उन्हें रोक लिया था। काफी हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों नेताओं को गिरफ्तार कर वापस दिल्ली भेज दिया था। 

उत्तर प्रदेश कांगेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को हाउस अरेस्ट किया गया है। लल्लू को पुलिस ने नोटिस थमा दिया है।

राहुल गांधी आज शनिवार को विवादास्पद कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में एक ट्रैक्टर रैली में भाग लेने वाले थे। रैली को रविवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। वहीं हाथरस पीड़िता के गांव पिछले दो दिनों से सील था, मीडिया और अन्य राजनीतिक दलों को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। फिलहाल आज मीडिया को एंट्री दे दी गई है।

तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन को भी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने हाथरस जिले में पीड़िता के गांव से कुछ किलोमीटर की दूरी पर ही रोक दिया था। वहीं शुक्रवार को प्रियंका गांधी ने हाथरस दुष्कर्म पीड़िता के लिए वाल्मीकि मंदिर में एक प्रार्थना सभा में भाग लिया और कहा कि महिला के परिवार को अकेला महसूस नहीं करना चाहिए।

राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रियंका गांधी के साथ हाथरस जाने की कोशिश की थी। हालांकि उन्हें गौतम बुद्ध नगर जिले से गुजरने की अनुमति नहीं दी गई और उनके वाहनों को यमुना एक्सप्रेसवे पर रोक दिया गया।कांग्रेस नेताओं ने इसके बाद हाथरस की ओर पैदल मार्च करना शुरू कर दिया था, जिसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों ने राहुल गांधी के साथ हाथापाई की। पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई में वह जमीन पर गिर पड़े थे। कांग्रेस नेताओं को उत्तर प्रदेश पुलिस ने हिरासत में लिया, बाद में गिरफ्तार किया फिर उन्हें दिल्ली वापस भेज दिया गया।

Created On :   3 Oct 2020 3:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story