राजू श्रीवास्तव के निधन पर मुख्यमंत्री, केशव, ब्रजेश समेत अनेक लोगों ने जताया दुख

Many people including Chief Minister, Keshav, Brajesh expressed grief over the death of Raju Srivastava
राजू श्रीवास्तव के निधन पर मुख्यमंत्री, केशव, ब्रजेश समेत अनेक लोगों ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश राजू श्रीवास्तव के निधन पर मुख्यमंत्री, केशव, ब्रजेश समेत अनेक लोगों ने जताया दुख

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। प्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के निधन से फिल्मी जगत ही नहीं राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, भाजपा अध्यक्ष भपेंद्र चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल और प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव ने भी उनके निधन पर दु:ख जताया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजू श्रीवास्तव जी ने हास्य कला की विधा को अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के माध्यम से प्रदेश की परंपरागत कला की विधाओं के उत्थान में उनका सराहनीय योगदान रहा। कहा कि अपनी अभिनव कला दक्षता द्वारा जीवनपयर्ंत सभी का मनोरंजन करने वाले राजू श्रीवास्तव जी का निधन अत्यंत दु:खद है। शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करता हूं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि फिल्म जगत में अपने सहज हास्य से एक अलग पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध कॉमेडियन एवं हमारे अतिप्रिय भाजपा नेता राजू श्रीवास्तव जी के असामयिक निधन से मन व्यथित है। उनका निधन कला एवं फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज विश्व प्रसिद्ध हास्य कलाकार,मेरे अभिन्न मित्र श्री राजू श्रीवास्तव जी के निधन से स्तब्ध व दु:खी हूँ। ईश्वर पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भपेंद्र चौधरी ने कहा कि देश के सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का निधन अत्यंत दु:खद है, उनका जाना कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है, वो एक बेहतरीन कलाकार के साथ-साथ जिंदादिल इंसान थे। शोकाकुल परिवार के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। हँसी के जादूगर को देश सदैव याद रखेगा। भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि मशहूर कलाकार श्री राजू श्रीवास्तव के निधन का दु:खद समाचार मिला। दिवंगत आत्मा को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दे।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा कि, हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के असामयिक निधन से स्तब्ध हूं..नि:शब्द हूं..भारतीय रंगमंच पर बतौर हास्य अभिनेता उन्होंने अपने सहज हास्य अभिनय से करोड़ों दिलों पर राज किया। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!

ज्ञात हो कि कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव ने आज इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। 10 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां वह वेंटिलेटर पर थे। उनके चाहने वालों को उम्मीद थी कि वह जल्द ठीक होकर वापस लौट आएंगे लेकिन आज जब उनके निधन की खबर आई तो सभी मायूस हो गए। कानपुर के रहने वाले कॉमेडियन के घर के बाहर उनके चाहने वालों का जमावड़ा लगा हुआ है।

 

(आईएएनएस)

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Created On :   21 Sep 2022 9:30 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story