Death: रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना से निधन, 65 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पीएम ने कहा- वे असाधारण थे 

Union Minister of State for Railways Suresh Angadi passes away
Death: रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना से निधन, 65 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पीएम ने कहा- वे असाधारण थे 
Death: रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना से निधन, 65 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पीएम ने कहा- वे असाधारण थे 

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का बुधवार को कोरोना के चलते निधन हो गया। उन्होंने 65 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। इस महीने की शुरुआत में 11 सितंबर को कोरोना संक्रमित होने के चलते उन्हें दिल्ली में एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्होंने अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी ट्विटर पर देते हुए कहा था कि पिछले कुछ दिनों में जो भी लोग उनके संपर्क में आए हैं वो अपने स्वास्थ पर नजर रखें और कोई भी लक्षण दिखने पर अपना टेस्ट कराएं।

बेलगाम सीट से लोकसभा सांसद थे अंगड़ी
सुरेश अंगड़ी बेलगाम सीट से लोकसभा सांसद थे। अंगड़ी कोरोना की वजह से मरने वाले कर्नाटक के दूसरे सांसद है। इससे पहले राज्यसभा सांसद अशोक गस्टी की पिछले दिनों कोरोना की वजह से मौत हो गई थी। मोदी सरकार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, आयुष मंत्री श्रीपद नायक, जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और संसदीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी संक्रमित हो चुके हैं।

सुरेश अंगड़ी की बायोग्राफी
सुरेश अंगड़ी का जन्म बेलगाम के कोप्पा गांव में 1955 में चन्नबसप्पा और सोमवा के घर हुआ था। सुरेश अंगड़ी ने जिले के राजा लखमगौदा लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री ली थी। 1996 में बेलगाम बीजेपी के उपाध्यक्ष के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। उन्हें सामाजिक सेवाओं की बदौलत जल्द ही प्रसिद्धि मिल गई। सुरेश अंगड़ी कर्नाटक के बेलगाम निर्वाचन क्षेत्र से चार बार लोकसभा सांसद रहे हैं। वे 2004, 2009, 2014 और 2019 में चुने गए थे।अपने राजनीतिक करियर के अलावा वह एक व्यवसायी, और एक शिक्षाविद् भी थे। वह बेलगाम में सुरेश अंगड़ी एजुकेशन फाउंडेशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 2009 में उन्होंने इसकी स्थापना की थी।

पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया
-पीएम मोदी समेत कई राजनेताओं ने अंगडी की मौत पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा, "सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्याकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावशाली मंत्री थे, जो पूरे स्पेक्ट्रम में प्रशंसित थे। उनका निधन दुखदायी है। दुख की इस घड़ी में मेरी सांत्वना उनके परिवार और दोस्तों के साथ है। ओम शांति।

-राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर कहा कि केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद सुरेश अंगड़ी के असामयिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। यह जन-सेवा के क्षेत्र की विशेष रूप से कर्नाटक के लोगों के लिए एक त्रासद हानि है। मेरी शोक-संवेदना उनके शोकाकुल परिवार, सहकर्मियों और असंख्य सहयोगियों के साथ है।

-केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रेल राज्य मंत्री सुरेश आंगड़ी के निधन से गहरा दुःख हुआ। वह एक अच्छे प्रशासक, अनुभवी सांसद थे और एक गर्म और मिलनसार व्यक्तित्व के साथ जाने जाते थे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। शांति!

-पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने ट्वीट करते हुए कहा, "उनके निधन से मुझे धक्का लगा है।"

-कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा- मैं हमेशा मुस्कुराते रहने वाले अंगड़ी जी को याद करता हूं। उनके बार में यह दुखद समाचार सुनकर काफी दुख हुआ।

 

Created On :   23 Sep 2020 3:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story