मानसून सत्र: केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष, सत्र शुरु होने से पहले सोनिया गांधी के आवास पर होगी बड़ी बैठक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कुछ दिनों बाद संसद का मानसून सत्र शुरु होने वाला है, बीजेपी नेतृत्व वाली एनडीए सरकार महिला आरक्षण, परिसीमन संबंधित कई अहम विधेयकों को सदन में बहुमत से पास कराने की पूरी रणनीति पर ध्यान केंद्रित कर रही है। दूसरी तरफ अप्रैल माह में परिसीमन विधेयक पर सदन में सत्ताधारी गुट को पटकनी दे चुका है, विपक्ष फिर से पटकनी देने की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए कांग्रेस नेतृत्व वाला इंडिया गुट ने सभी विपक्षी दलों की एक बैठक बुलाई है। मिली जानकारी के मुताबिक ये बैठक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर होनी है। इस बैठक में विपक्ष अपनी संसदीय रणनीति पर विचार -विमर्श कर उस पर मुहर लगाएंगा।
आपको बता दें संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कुल 19 बैठकें प्रस्तावित हैं। सरकार परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक, महिला आरक्षण से जुड़े संवैधानिक संशोधन, और 'वन नेशन, वन इलेक्शन' से जुड़े अहम प्रस्तावों को सदन में पेश कर सकती है। इसके अलावा कुछ अन्य लंबित संवैधानिक संशोधन और प्रमुख विधेयकों पर भी सरकार आगे बढ़ा सकती है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संसद के आगामी मानसून सत्र में केंद्र सरकार को किन मुद्दों पर घेरना है, बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा सदन के भीतर और बाहर की क्या रणनीति रहेगी अन्य दलों के साथ समन्वय के अलावा कई अहम विषयों पर मंथन होगा।
कांग्रेस इस बात पर भी विचार करेगी कि सदन में किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए और सरकार को किस तरह घेरा जाए। सोनिया गांधी के आवास पर होनी वाली बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और रणनीतिकार शामिल होंगे।
Created On :   16 July 2026 4:00 PM IST










