लोकसभा चुनाव 2024: नाराज हुए पशुपति पारस! दिल्ली में आज पार्टी की अहम बैठक, क्या महागठबंधन की तरफ मुड़ेगी आरएलजेपी?

नाराज हुए पशुपति पारस! दिल्ली में आज पार्टी की अहम बैठक, क्या महागठबंधन की तरफ मुड़ेगी आरएलजेपी?
  • बिहार सीट शेयरिंग में तेजस्वी को तरजीह
  • पशुपति पारस की पार्टी को एक भी सीट नहीं!
  • नाराज पारस क्या लेंगे कोई अहम फैसला?

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में सीट शेयरिंग का पेंच कब से फंसा हुआ था जिसे सुलझाने की एनडीए लगातार कोशिश कर रहा था। चिराग पासवान और चाचा पशुपति पारस के बीच सीटों को लेकर ठनी हुई थी। दोनों नेता हाजीपुर लोकसभा सीट पर दावा ठोक रहे थे। बुधवार को चिराग पासवान ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में सीट शेयरिंग को लेकर फैसला लिया गया। खबरों की मानें तो भाजपा ने चिराग की पार्टी को 5 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए सहमति दे दी है। वहीं आरएलजेपी अध्यक्ष को आगामी लोकसभा में एक भी सीट नहीं दिया गया है जिससे पशुपति पारस की नाराजगी की खबरें सामने आ रही है।

इस बीच पशुपति पारस आज दिल्ली में अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की एक अहम बैठक करने जा रहे हैं। अटकलें लगाई जा रही है कि इस बैठक में पशुपति पारस महागठबंधन की तरफ जाने का फैसला ले सकते हैं। दरअसल, पशुपति पारस फिलहाल हाजीपुर सीट से सांसद हैं और जानकारी के मुताबिक यह सीट चिराग पासवान को दे दिया गया है। इसके अलावा आरएलजेपी को लोकसभा के लिए एक भी सीट नहीं मिली है जिस वजह से नाराज चल रहे पशुपति पारस आज की बैठक में दूसरे ऑप्शन्स पर विचार कर सकते हैं।

इन ऑप्शन्स पर कर सकते हैं विचार

खबरों की मानें तो बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए एनडीए की तरफ से राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) को एक भी सीट नहीं दी गई है। जिसके चलते दिल्ली में आयोजित बैठक में आरएलजेपी प्रमुख पशुपति पराश एनडीए गठबंधन से कोई अलग रास्ते पर विचार कर सकती है। जानकारी के मुताबिक, महागठबंधन के नेता लगातार पशुपति पारस के संपर्क में हैं। इसके अलावा भाजपा ने भी चिरागे के चाचा की नाराजगी दूर करने के लिए एक दूसरा रास्ता निकाला है। खबर है कि भाजपा की तरफ से पशुपति पारस को राज्यपाल बनाने का ऑफर दिया गया है। अब देखना होगा कि आरएलजेपी प्रमुख महागठबंधन और राज्यपाल पद में से किस ऑफर को चुनते हैं।

बिहार में सीट शेयरिंग फॉर्मूला

चिराग पासवान और मंगल पांडेय ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से सीट शेयरिंग पर चर्चा करने के लिए उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने की खबरें सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से किए जा रहे दावे के मुताबिक, एनडीए ने चिराग पासवान की पार्टी को हाजीपुर समेत कुल पांच सीट देने का फैसला किया है। इसके अलावा जेडीयू को 16, जीतन राम मांझी की पार्टी हम को 1 और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम को 1 सीट देना का फैसला किया है। वहीं पशुपति पारस की पार्टी आरएलजेपी को एक भी सीट नहीं देने की बात कही जा रही है।

Created On :   14 March 2024 6:25 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story