भारत जोड़ो न्याय यात्रा समापन समारोह: 'PM मोदी को लगता है आजादी 2014 में मिली है...', INDIA गठबंधन की मेगा रैली से मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर कसा तंज

PM मोदी को लगता है आजादी 2014 में मिली है..., INDIA गठबंधन की मेगा रैली से मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर कसा तंज
  • PM मोदी की गारंटी चंद लोगों के लिए- खरगे
  • देश का संविधान बदलना चाहती है बीजेपी- खरगे
  • राहुल गांधी की यात्रा समापन होने पर खरगे ने दी बधाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन समारोह में INDIA गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। इस दौरान मुंबई में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "राहुल गांधी जिस 'शक्ति' की बात कर रहे थे, मैं खुलकर कहूंगा कि मोदी जी के पास RSS और मनुवाद के रूप में यह शक्ति है। वे इस शक्ति से हमें कुचलना चाहते हैं।"

मल्लिकार्जुन खरगे ने शायराना अंदाज में राहुल गांधी का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जब हौसला बना लिया, ऊंची उड़ान का। फिर देखना फिजूल है, कद आसमान का। शिवाजी पार्क में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि हमने पांच गारंटी दी है। जिनमें युवा न्याय, नारी न्याय, ⁠किसान न्याय, ⁠श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी न्याय शामिल है। हमने देश को बता दिया है कि हम किसान, महिला, युवा, श्रमिक और हिस्सेदारी के लिए क्या करेंगे।

PM मोदी की गारंटी चंद लोगों के लिए- खरगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र पर मोदी पर तंज कसते हुए खरगे ने कहा कि PM मोदी की गारंटी चंद लोगों के लिए है। देश में आज गरीब और गरीब, अमीर और अमीर हो रहा है। PM मोदी को लगता है कि आजादी हमें 2014 में ही मिली है, इसलिए उनकी गिनती वहीं से शुरू होती है। पंडित नेहरू, बाबासाहेब आंबेडकर ने देश के लिए क्या किया, देश की आजादी और एकता के लिए कितने नेताओं ने लड़ाई लड़ी- वो (पीएम मोदी) भूल जाते हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने जो आपको गारंटियां बताई हैं, वो INDIA की सरकार आने के बाद जरूर पूरी होंगी। ये गारंटियां गरीबों के लिए हैं, न कि अमीरों के लिए। हमने पहले भी कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी गारंटियां पूरी की हैं। हम जो कहते हैं, वो करते हैं।

देश का संविधान बदलना चाहती है बीजेपी- खरगे

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि BJP जो भी कर रही है, वो देश का संविधान बदलने के लिए कर रही है। अगर एक बार संविधान बदल गया तो फिर से इस देश में गुलामी आ जाएगी, हम आजाद नहीं रहेंगे। एक बार फिर नरेंद्र मोदी की सरकार बनी तो आगे से चुनाव नहीं होंगे। मोदी जी के पास RSS की शक्ति है। इसी विचारधारा से वह हमसब को कुचलना चाहते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि कर्नाटक के BJP सांसद ने कहा- हमें 400 सीट दो, हम संविधान को बदल देंगे। देश में पहले लोगों के पास अधिकार नहीं थे, लेकिन आजादी के बाद संविधान बना तो सभी को अधिकार मिले। संविधान की वजह से ही मोदी आज प्रधानमंत्री हैं, लेकिन ये लोग संविधान को खत्म करने की बात कर रहे हैं।

राहुल गांधी को दी बधाई

कांग्रेस नेता खरगे ने कहा, "मैं राहुल गांधी को बधाई देता हूं, जिन्होंने मणिपुर से मुंबई तक की अपनी यात्रा पूरी की। मुंबई एक शक्तिशाली शहर है, यह क्रांतिवीरों की भूमि है। यहां के आंदोलन की आवाज पूरे देश में गूंजती है।"

Created On :   17 March 2024 6:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story