लोकसभा चुनाव 2024: 'मंगलसूत्र' पर राजनीति तेज, प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी के बयान का दिया जवाब

मंगलसूत्र पर राजनीति तेज, प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी के बयान का दिया  जवाब
  • 'मंगलसूत्र' वाले बयान पर प्रियंका गांधी की पहली प्रतिक्रिया
  • 'पीएम मोदी 'मंगलसूत्र' का महत्व समझते तो ऐसी बातें नहीं करते'
  • 'वे डरकर वोट करें। उन्हें शर्म आनी चाहिए'- प्रियंका गांधी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंगलवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के मंगलसूत्र वाले बयान पर जवाब दिया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "अगर पीएम मोदी 'मंगलसूत्र' का महत्व समझते तो ऐसी बातें नहीं करते। जब नोटबंदी हुई तो उन्होंने महिलाओं की जमापूंजी छीन ली। किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान 600 किसानों की जान चली गई, क्या पीएम मोदी ने उन विधवाओं के 'मंगलसूत्र' के बारे में सोचा? जब मणिपुर में एक महिला का वस्त्रहरण कर उसके वस्त्र जलाए गए तब भी पीएम मोदी चुप थे, कुछ नहीं बोले। क्या उन्होंने उसके 'मंगलसूत्र' के बारे में सोचा? आज वह वोट के लिए महिलाओं से ऐसी बातें कह रहे हैं, उन्हें डरा रहे हैं ताकि वे डरकर वोट करें। उन्हें शर्म आनी चाहिए।"

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा, 'मेरी मां (सोनिया गांधी) का मंगलसूत्र इस देश पर कुर्बान हुआ है। और PM मोदी कह रहे हैं- कांग्रेस पार्टी आपका मंगलसूत्र और सोना छीन लेगी। देश में 55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही है। किसी ने आपसे आपका सोना और मंगलसूत्र छीना? इंदिरा गांधी जी ने जंग में अपना सोना देश को दिया था।"

प्रियंका गांधी ने कहा, "पिछले 2 दिनों में अब ये शुरू हुआ है कि कांग्रेस के लोग आपका मंगलसूत्र और सोना छीनना चाहते हैं। 70 सालों से ये देश स्वतंत्र है 55 सालों के लिए कांग्रेस की सरकार रही तब क्या किसी ने आपका सोना छीना और आपके मंगलसूत्र छीने। जब देश में जंग हुई थी तब इंदिरा गांधी ने अपना सोना देश को दिया था और मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश को कुर्बान हुआ।"

जानें पूरा मामला

दरअसल, अलीगढ़ में एक रैली के दौरान पीएम मोदी ने कहा था, ''कांग्रेस के शहजादे ने कहा है कि वो ये पड़ताल करेंगे कि कौन कितना कमाता है, किसके पास कितनी प्रॉपर्टी है। वो कहते हैं कि सरकार इस संपत्ति को अपने कब्ज़े में लेकर सबको बांट देगी। उनकी नजर आपके मंगलसूत्र पर है।''

पीएम मोदी ने रविवार को राजस्थान की रैली में कहा था, "पहले जब उनकी सरकार थी तब उन्होंने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है, इसका मतलब ये संपत्ति इकट्ठा करके किसको बांटेंगे- जिनके ज्यादा बच्चे हैं उनको बांटेंगे, घुसपैठियों को बांटेंगे। क्या आपकी मेहनत का पैसा घुसपैठियों को दिया जाएगा? आपको मंजूर है ये?''

प्रधानमंत्री ने मोदी कहा था, ''ये कांग्रेस का मेनिफेस्टो कह रहा है कि वो मां-बहनों के सोने का हिसाब करेंगे, उसकी जानकारी लेंगे और फिर उसे बांट देंगे और उनको बांटेंगे जिनको मनमोहन सिंह की सरकार ने कहा था कि संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है।''

प्रियंका ने इलेक्टोरल बॉन्ड पर किया हमला

प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव से पहले दो मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया, देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के बैंक खाते बंद कर दिए गए। नरेंद्र मोदी कहते रहते हैं कि पूरी दुनिया भ्रष्ट है, सिर्फ वही ईमानदार हैं। लेकिन खुद ही इलेक्टोरल बॉन्ड लेकर आए, जो 'हफ्ता वसूली' की स्कीम थी।

Created On :   23 April 2024 4:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story