उत्तर प्रदेश सियासत: योगी सरकार के मंत्रिमंडल और संगठन में फेरबदल की संभावना हुई तेज, जल्द हो सकता है बड़ा फैसला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार और संगठन में बड़े बदलाव होने की चर्चा जोरों पर है। माना जा रहा है कि यह सभी बदलाव यूपी में दस सीटों पर होने वाले उपचुनाव के बाद होने वाले हैं। खबर है कि योगी कैबिनेट में कुछ नए चेहरे को मौका मिल सकता है। साथ ही, यूपी को नया प्रदेश अध्यक्ष भी मिल सकता है। हालांकि, यूपी का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा? संगठन और मंत्रिमंडल में क्या बदलाव होंगे? इसके लिए अभी इंतजार करना होगा। पार्टी की ओर से अभी इसे लेकर नए नामों की घोषणा नहीं हुई है।
बदलाव की मांग हुई तेज
गौरतलब है कि मंगलवार रात को यूपी चुनावी नतीजों पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से यूपी के बड़े नेताओं ने मुलाकात की। इसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का नाम भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य राज्य में अपनी भूमिका को लेकर संतुष्ट नहीं हैं। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी कई मंत्रियों को लेकर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल बीजेपी इस मामले को ठंडा करने करने में लगी हुई है। साथ ही, पार्टी की कोशिश है कि शीर्ष नेताओं के बीच मतभेद ना बढ़ें। ऐसे में बीजेपी की ओर से यूपी में शीर्ष नेतृत्व में किसी भी तरह के बड़े बदलाव करने की कोशिश में नहीं है। लेकिन, राज्य के कई बड़े नेता बदलाव की मांग करने में लगे हुए हैं।
जानें पूरा मामला
बता दें कि, यूपी में लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद पार्टी की आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के छोटे नेता भी शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। यूपी में बीजेपी को इस बार सबसे ज्यादा नुकसान का सामना करना पड़ा है। पार्टी इस झटके से उबरने की कोशिश कर रही है। लेकिन इस बीच बीते रविवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बाद राज्य की सियासत में हलचल मच गई। बीजेपी कार्य समिति की एकदिवसीय बैठक में केशव प्रसाद ने साफ कहा कि संगठन सरकार से बड़ा है, कार्यकर्ताओं का दर्द मेरा दर्द है, संगठन से बड़ा कोई नहीं, कार्यकर्ता ही गौरव है। केशव के बयान पर केंद्रीय नेतृत्व ने भी यूपी के मसलों पर ध्यान देने का भरोसा दिया है।
Created On :   17 July 2024 3:06 PM IST















