राजस्थान: प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने गठित की अपनी नई टीम, नव-नियुक्त पदाधिकारियों को दी बधाई और शुभकामनाएं

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने गठित की अपनी नई टीम, नव-नियुक्त पदाधिकारियों को दी बधाई और शुभकामनाएं
  • कांग्रेस महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने दी जानकारी
  • मेंबरशिप और पार्टी गतिविधियों में सक्रियता को मिली प्राथमिकता
  • पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। जो काफी लंबे समय से लंबित पड़ी थी। बुधवार को सिंह के नेतृत्व में नई टीम के गठन का ऐलान हो चुका है। सिंह की नई टीम की कार्यकारिणी में 9 प्रदेश उपाध्यक्ष, 3 प्रदेश महासचिव और 16 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।

आपको बता दें नई कार्यकारिणी के गठन में मेंबरशिप और पार्टी गतिविधियों में सक्रियता को तवज्जो दिया गया है। नियुक्तियों के लिए न्यूनतम 100 महिलाओं को मेंबरशिप से जोड़ने की अनिवार्य शर्त रखी गई थी। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि नई कार्यकारिणी राजस्थान में महिला कांग्रेस को और सक्रिय करने में अहम भूमिका निभाएगी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संगठन ने उन कार्यकर्ताओं को मौका दिया है, जिन्होंने मेंबरशिप अभियान और पार्टी की गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान दिया। यह भी जानकारी दी गई कि भविष्य में मेंबरशिप के आधार पर और नियुक्तियों की सूची जारी की जाएगी। आपको बता दें कांग्रेस महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने आदेश जारी कर नियुक्तियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा यह कदम संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संगठन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ा जाए और उनके मुद्दों को प्रभावी ढंग सरकार के सामने उठाया जाए। नई नियुक्तियों से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और उम्मीद की जा रही है कि यह नई टीम राजस्थान में कांग्रेस की स्थिति को और सशक्त करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए पोस्ट में लिखा कि राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की नव-नियुक्त पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट नेतृत्व के साथ करेंगे। सिंह ने यह भी कहा कि लंबे समय से लंबित पड़े कार्यकारिणी गठन और जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों को अब अंतिम रूप दे दिया गया है।

Created On :   28 May 2025 3:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story