Jagannath Rath Yatra Stampede: जगन्नाथ रथ यात्रा पर मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने जताया दुख, जांच की करी मांग

जगन्नाथ रथ यात्रा पर मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने जताया दुख, जांच की करी मांग
  • जगन्नाथ रथ यात्रा में मची भगदड़
  • 3 लोग मरे और 50 लोग घायल
  • मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने जताया दुख

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओडिशा के पुरी में स्थित गुंडिचा मंदिर के पास रविवार को भगदड़ मच गई थी। इसको लेकर ही कांग्रेस के नेताओं ने राज्य सरकार पर सवाल किए हैं। कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस हादसे को बहुत ही ज्यादा दुखद और दर्दनाक बताते हुए शोक जताया है। बता दें, इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और करीब 50 से भी ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। हादसे के समय सैंकड़ों की संख्या में लोग रथ यात्रा के दर्शन करने के लिए खड़े हुए थे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'महाप्रभु जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगदड़ मचने की घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई और कम से कम 50 लोग घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार को यात्रा के दौरान 500 श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर सामने आने के बाद हुई है। मेरी कामनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायल श्रद्धालुओं के जल्द ही ठीक होने की कामना करता हूं।'

राहुल गांधी ने क्या कहा?

नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी दुख जताते हुए कहा कि, 'पुरी में रथ यात्रा के दौरान हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना और घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। ओडिशा सरकार से अपील है कि राहत कार्यों में तेजी लाए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वो इसमें हर संभव मदद करें। यह त्रासदी एक गंभीर चेतावनी है, ऐसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की गंभीरता से तैयारी और समीक्षा होनी चाहिए। जीवन की रक्षा सर्वोपरि है, और इस जिम्मेदारी में कोई चूक स्वीकार्य नहीं है।'

ओडिशा की सरकार ने लिया सख्त एक्शन

ओडिशा के पुरी में हुई भगदड़ के बाद माझी सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है। इस हादसे को लेकर ओडिशा सरकार ने डीसीपी विष्णु पति और कमांडेंट अजय पाढ़ी को काम में लापरवाही बरतने के चलते सस्पेंड कर दिया है। वहीं, पुरी जिले के कलेक्टर और एसपी को ट्रांसफर कर दिया है।

Created On :   29 Jun 2025 5:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story